Delhi: 'आप' ने फिर शैली ओबेरॉय और आले मोहम्मद इकबाल पर जताया भरोसा, मेयर-डिप्टी मेयर पद के लिए किया नामांकन
डॉ शैली ओबेरॉय और आले मोहम्मद इकबाल ने आम आदमी पार्टी की ओर से मेयर-डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन किया। संजय सिंह और शिक्षा मंत्री आतिशी के साथ दोनों प्रत्याशियों ने सोमवार को निगम सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ शैली ओबेरॉय और आले मोहम्मद इकबाल ने आम आदमी पार्टी की ओर से मेयर-डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन किया। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और शिक्षा मंत्री आतिशी के साथ दोनों प्रत्याशियों ने सोमवार को निगम सचिवालय में जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रत्याशी बनाए जाने पर डॉ शैली ओबरॉय ने अपनी पार्टी व सीएम अरविंद केजरीवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोबारा मेयर बनने पर वह उसी तरह ईमानदारी और मेहनत से काम करेंगी, जिस तरह मौजूदा समय में कर रही हैं।
संजय सिंह ने कहा कि डॉ. शैली ओबरॉय द्वारा सीमित कार्यकाल में किए गए अच्छे कार्यों को देखते हुए अरविंद केजरीवाल ने फिर से मेयर प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। पिछली बार की तरह इस बार भी आम आदमी पार्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव भारी मतों से जीतेगी। मेयर पद की उम्मीदवार डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली की जनता के सपनों और अरविंद केजरीवाल के विजन पर खरी उतरूंगी। अब तक जिस तरह ईमानदारी और मेहनत से काम करती आयी हूं, वैसे ही आगे भी काम करती रहूंगी। आले मोहम्मद इकबाल इकबाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम को नंबर वन नगर निगम बनाने का काम कर रहे हैं।
पार्टी मुख्यालय में की आधिकारिक घोषणा
सिविक सेंटर से निकलने के बाद राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की और मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव के लिए डॉ. शैली ओबेरॉय और आले मोहम्मद इकबाल को दोबारा प्रत्याशी बनाने की जानकारी दी। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली की जनता ने सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के कामों को देखते दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने की जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी को दी है। तमाम जद्दोजहद के बाद डॉ. शैली ओबेरॉय और आले इकबाल ने मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव जीता और जितना समय मिला उसमें अच्छा काम किया।
26 अप्रैल को मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होना है। संजय सिंह ने कहा कि पूरा भरोसा है कि पिछली बार की तरह इस बार भी आम आदमी पार्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव भारी मतों से जीतेगी और मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय व डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल पहले की तरह जनता की सेवा करते रहेंगे।
डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने कहा कि हमने अपने 40 दिनों के छोटे से कार्यकाल में अरविंद केजरीवाल की 10 गारंटी को पूरा करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया है। हम दिल्ली की जनता को ऐसी राजधानी बनाकर देंगे, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में होगी।
मेयर के चुनाव में भाजपा आप पार्टी की प्रत्याशी शैली ओबरॉय के लिए रेड कार्पेट बिछाने के मूड में बिल्कुल नहीं है। सोमवार को भाजपा प्रदेश इकाई की देर शाम तक इस मुद्दे पर बैठक हुई। इसमें ओबेरॉय के खिलाफ किसी मजबूत प्रत्याशी को उतारने को लेकर चर्चा की गई, लेकिन पार्टी ने प्रत्याशी का नाम अभी तक उजागर नहीं किया है। सिविक सेंटर में निगम के अधिकारियों को उम्मीद थी कि शायद शैली ओबरॉय के पर्चा भर देने के बाद भाजपा की ओर से भी नामांकन दाखिल किया जाए। लेकिन शाम को पांच बजे के बाद ये साफ हो गया कि भाजपा की ओर से मंगलवार को आखिरी दिन ही नामांकन किया जाएगा।