शशि थरूर से पुलिस ने की दोबारा पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुनंदा पुष्कर की कथित हत्या मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद शशि थरूर से बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोबारा पूछताछ की।
शशि थरूर के साथ दिल्ली पुलिस ने उनके ड्राइवर और नौकर से भी सवाल पूछे। इससे पहले 19 जनवरी को शशि थरूर से पहली बार पूछताछ की गई थी। इस दौरान चार पुलिस अधिकारियों की टीम ने उनसे लगभग पचास सवालों के जवाब मांगे थे।
आज की पूछताछ के बारे में दिल्ली पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी ने बताया कि सुनंदा के बेटे शिव मेनन से पूछताछ के बाद कुछ ऐसे तथ्य सामने आए जिसके बारे में शशि थरूर से पूछताछ करना जरूरी था। सूत्रों की मानें तो शशि थरूर से इंडियन प्रीमियर लीग से जुड़ कुछ सवाल भी पूछे गए।
करीब पांच घंटे तक चली पूछताछ में उनसे लगभग 20 सवाल पूछे गए। उन्हें सरोजनी नगर पुलिस स्टेशन बुलाया गया लेकिन पूछताछ के दौरान उन्हें वसंत विहार पुलिस स्टेशन भी ले जाया गया।
20 लोगों से हो चुकी पूछताछ
बता दें कि 2010 में आईपीएल में केरल की टीम में उनकी हिस्सेदारी को लेकर उठे विवाद के बाद ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। असल में सुनंदा पुष्कर को टीम में 15 मिलियन डॉलर की हिस्सेदारी दी गई थी।
शशि थरूर के ड्राइवर बजरंगी और उनके नौकर नारायण सिंह से पुलिस पहले भी पूछताछ कर चुकी है। बता दें कि 6 जनवरी को दिल्ली पुलिस ने सुनंदा पुष्कर की मौत को हत्या का मामला मानते हुए केस दर्ज किया है।
17 जनवरी को दिल्ली के लीला पैलेस होटल के एक कमरे में सुनंदा पुष्कर का शव पाया गया था। इस मामले में पुलिस अब तक लगभग 20 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
पुलिस पूछताछ में शामिल नामों में मशहूर पत्रकार नलिनी सिंह सहित नामी राजनीतिक हस्ती अमर सिंह भी शामिल हैं।