शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे लोगों को आज हटा सकती है पुलिस, प्रदर्शनकारियों ने भी किया बड़ा एलान
दिल्ली हाईकोर्ट से सड़क खाली कराने का आदेश मिलने के बाद अब दिल्ली पुलिस के अधिकारी शाहीन बाग की गलियों में जाकर महिलाओं को सड़क खाली करने के लिए मनाने में जुटे हैं।
हालांकि जब इस बात की जानकारी प्रदर्शन कर रहे लोगों को मिली तो प्रदर्शनस्थल से एलान किया गया है कि दम है तो पुलिस प्रदर्शन स्थल पर आकर बात करे। महिलाएं कह रही हैं कि वो किसी सूरत में सड़क खाली नहीं करेंगी। यदि पुलिस जबरदस्ती करेगी, तो महिलाएं आगे बढ़कर मोर्चा संभालेंगी।
सरकार महिलाओं की परेशानी को समझे
बातचीत से ही हल निकलेगा, जबरदस्ती की गई तो हालात खराब हो सकते हैं, ऐसा यहां प्रदर्शन पर बैठी महिलाओं का कहना है। उनका कहना है कि सत्याग्रह करना उनका हक है। यदि सरकार को लोगों की चिंता है तो यहां की महिलाओं की परेशानी को समझें।
चालीस फुटा रोड देने की तैयारी कर रहे प्रदर्शनकारी
आज शाहीन बाग कॉलोनी के अंदर से गुजरने वाली चालीस फुटा रोड आम लोगों के लिए खोलने पर सहमति बनाई गई है। प्रदर्शनस्थल से एलान किया गया है कि अंदर की चालीस फुटा रोड को घंटे भर में खाली कर आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस रोड पर से ठेले, खोमचे और पार्किंग इत्यादि हटा दी जाएगी, ताकि स्कूल की गाड़ियां और एंबुलेंस यहां से आसानी से निकल सकें।