गार्ड को बंधक बना फरार हुए सात नाबालिग लड़के, एक हफ्ते पहले ही हुए थे गिरफ्तार
एक सप्ताह पूर्व ही चोरी व लूटपाट के मामलों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से लाकर किया था बंद
बाल संरक्षण गृह से सात नाबालिग लड़के फरार
-एक सप्ताह पूर्व ही चोरी व लूटपाट के मामलों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से लाकर किया था बंद
-गार्ड को बना दिया बंधक, पेड़ पर चढ़कर दस फुट ऊंची दीवार फांदकर हुए फरार -रोहिणी के अलीपुर में है बाल संरक्षण गृह,अमूमन इस बाल संरक्षण गृह में रखा जाता है बाल श्रमिकों को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहिणी जिले के अलीपुर स्थित बाल संरक्षण गृह से सात नाबालिग लड़के गार्ड को बंधक बनाकर फरार हो गए। देर रात को किसी तरह गार्ड ने खुद को मुक्त कराकर पुलिस व प्रशासन को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने गार्ड से शिकायत लेकर लड़कों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व ही सभी सातों लड़कों को चोरी व लूटपाट के मामले में यहां लाया गया था। सभी की उम्र 16 से 18 के बीच है।
अलीपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक सभी लड़कों को मोर्या एंक्लेव, तिलक नगर, ख्याला, मॉडल टाउन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से काबू किया गया था।
सभी लड़कों को बाकी लड़कों से अलग जगह पर रखा गया था। सोमवार रात के समय गार्ड सतबीर लड़कों को खाना देने के लिए आया था। इस बीच तीन युवकों ने बाथरूम में बर्तन धोने जाने की बात की। सतवीर उनके साथ चला गया।
बाथरूम में पहुंचते ही तीनों लड़कों ने सतवीर को काबू कर लिया
बाथरूम में पहुंचते ही तीनों लड़कों ने सतवीर को काबू कर लिया। बाकी लड़के भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने सतवीर के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके हाथ-पांव बांध दिए। वारदात के बाद आरोपी बाल संरक्षण गृह परिसर में लगे पेड़ पर चढ़े और 10 फुट ऊंची दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए।
इधर देर रात को सतवीर ने खुद को मुक्त कराकर बाल संरक्षण गृह प्रशासन व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल सभी लड़के फरार हैं। बाल संरक्षण गृह प्रशासन का कहना है कि आमूमन यहां पर बाल श्रमिकों को रखा जाता है।
इसी वजह से यहां सुरक्षा व्यवस्था कम ही रहती है। इसी का फायदा उठाकर लड़के फरार हो गए। अलीपुर थाना पुलिस सभी लड़कों की तलाश कर रही है।