लालकिला से दिखने वाली सभी बहुमंजिला इमारतें होगी सील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने इस बार लालकिला से दिखने वाली सभी बहुमंजिला इमारतों को सील करने का फैसला किया है। पुलिस पांच किलोमीटर के दायरे में दिखने वाले इन सभी इमारतों को समारोह से 24 घंटा पूर्व सील कर देगी।
पुलिस ने लाल किला से एक फोटो लिया है। जिसमें वहां से दिखने वाली सभी बहुमंजिला इमारत को चिन्हित कर लिया गया है। इन इमारतों के उपर कमांडो तैनात किए जाएंगे, जो अत्याधुनिक हथियार और दूरबीन के साथ पूरे इलाके का जायजा लेंगे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आतंकी खतरे को देखते हुए इस वर्ष अन्य वर्षों की तुलना में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। लालकिला पर आयोजित होने वाला समारोह उत्तरी दिल्ली पुलिस के देखरेख में होता है, लेकिन राजघाट पर वीआईपी मुवमेंट और लालकिले से सटे होने की वजह से मध्य जिला पुलिस की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में ड्रोन से हमला की आशंका
स्वतंत्रता दिवस समारोह में ड्रोन से हमला की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इस बार सुरक्षा को और पुख्ता करने का फैसला किया है। पुलिस ने लाल किला से एक फोटो लिया है। जिससे वहां से कई बहुमंजिला इमारतें दिख रही है।
यह इमारतें आईपी एस्टेट, जामा मस्जिद, दरियागंज, चांदनी महल, हौजकाजी, कोतवाली कश्मीरी गेट, चांदनी चौक और कमला मार्केट इलाके में स्थित है। इन इमारतों से हमले की आशंका को देखते हुए उन्हें चिन्हित किया गया है और इन्हें समारोह से 24 घंटा पहले सील करने का फैसला किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन इमारतों पर कमांडो की तैनाती की जाएगी, जो दूरबीन से पूरे इलाके का जाएजा लेंगे। इन कमांडों के पास एंटी एयरक्राफ्ट गन के साथ साथ एमएमजी गन भी होंगे। समारोह के दौरान वीआईपी रूट पर चप्पे-चप्पे पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
यमुना में होगी बोट पेट्रोलिंग
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक समारोह के दौरान यमुना नदी में भी बोट पेट्रोलिंग की जाएगी। यह कदम आतंकियों के किसी भी मार्ग से समारोह स्थल पर पहुंचने से रोकने के लिए उठाया गया है। इसके साथ ही यमुना के किनारे पर घुड़सवार दस्ता की तैनाती होगी। जो किसी भी संदिग्ध शख्स के समारोह स्थल पर जाने की कोशिश को नाकाम करेगी।
ड्रोन और पतंग उड़ाने पर है पाबंदी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लालकिला और उसके आस पास के इलाके में ड्रोन और पतंग उड़ाने पर पाबंदी रहेगी। ऐसी हरकत करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए हैं। खासकर 13 अगस्त और 15 अगस्त को समारोह के दौरान ड्रोन और पतंग उड़ाने पर पूरी तरह से पाबंदी होगी।