सपाइयों ने मुलायम-अखिलेश के होर्डिग्स तोड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को लुभाने के लिए समाजवादी पार्टी एक बार फिर साइकिल पर सवार हुई है।
मुलायम सिंह यादव को दिल्ली की केन्द्रीय कुर्सी पर बिठाने के लिए रविवार को पार्टी ने दिल्ली से लखनऊ तक की साइकिल रैली शुरू की है। जंतर मंतर से शुरू हुई इस साइकिल रैली को यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हरी झंडी दिखाई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल जितनी तेज चलेगी लोकसभा में पार्टी की सीटें भी उतनी तेजी से बढ़ेंगी।
'जनता नहीं चाहती कांग्रेस-भाजपा की सरकार'
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस व बीजेपी को अब जनता नहीं चाहती है। आगामी लोकसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा तेजी से उभर रहा है। उसमें अपनी मजबूत स्थिति के लिए जरूरी है कि साइकिल का पैडल तेज चलाया जाए।
साइकिल जितनी तेज चलेगी हमारा जनादेश भी उसी तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हम पहले भी साइकिल रैली करते आए हैं। विधानसभा चुनाव में बहुमत भी हमें इसी रैली ने दिलाया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि यहां से हम सभी को बताना चाहते है कि अगले लोकसभा में हम बीजेपी-कांग्रेस को अपने सामने टिकने नहीं देंगे।
रैली में दिखा सपाइयों का असली रूप
सीएम अखिलेश यादव की रैली में सपाइयों का चिर परिचित रूप दिखा। अखिलेश यादव के आते ही कार्यकर्ताओं की भीड़ बेकाबू हो गई।
सुरक्षाकर्मियों के बार-बार समझाने और मना करने के बावजूद कार्यकर्ता नहीं मानें और खूब हंगामा किया।
हद तो तक हो गई जब अखिलेश यादव के जाते ही कार्यकर्ता मंच पर चढ़कर फोटो खिंचवाने के लिए बेताब दिखे और इसी बेताबी में मंच पर लगी नेताजी और अखिलेश यादव की होर्डिंग टूट गई। फिर भी कार्यकर्ता डटे रहे।
रेप पीड़िता से भी नहीं मिले सीएम
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जंतर मंतर पर आने की खबर से उनके प्रदेश के धरना देने वाले संगठन प्रतिनिधि खुश थे। उम्मीद थी कि प्रदेश के मुखिया से मिलकर यहीं अपनी मांगें बता दें, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
जंतर-मंतर पहुंचे अखिलेश यादव साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर निकल गए। धरने पर बैठे लोग मुख्यमंत्री से मिलने का इंतजार ही करते रहे।
पिछले पंद्रह दिनों से जंतर-मंतर पर धरने पर बैठी इलाहाबाद की बलात्कार पीड़िता और उसके दो साथी सीएम से मिलने पहुंचे, लेकिन उन्हें वापस कर दिया गया।
12 दिन बाद लखनऊ पह़ंचेगी साइकिल
सपा की साइकिल रैली दिल्ली से तीन जत्थों में लखनऊ के लिए रवाना हुई। रैली में करीब 500 से ज्यादा साइकिल हैं जो कि 12 दिन की यात्रा करके 6 मार्च को लखनऊ के गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क में खत्म होगा।
साइकिल रैली के तीन जत्थे अलग-अलग रूट से जाएंगे। पहला रूट नोएडा होते हुए मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद मैनपुरी, औरैया, कन्नौज, कानपुर देहात होते हुए लखनऊ पहुंचेगा।
इसी तरह दूसरा रूट गाजियाबाद से हापुड़ अमरोहा मुरादाबाद संभल बदायूं बरेली होते लखनऊ जाएंगें। जबकि तीसरा जत्था बुलन्दशहर, अलीगढ़ मैनपुरी कन्नौज, उन्नाव हरदोई होते हुए लखनऊ पहुंचेगा।