कांग्रेस को बड़ा झटका, गौतमबुद्घ नगर प्रत्याशी बीजेपी में शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गौतमबुद्घ नगर लोकसभा से कांग्रेस उम्मीदवार रमेश चंद्र तोमर ने चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में शामिल होकर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है।
तोमर के इस फैसले से एक ओर जहां बीजेपी के खेमे में खुशी की लहर है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस को बड़ा नुकसान झेलना पड़ेगा। इस सीट पर 10 अप्रैल को मतदान होना है।
कल रात से ही थी चर्चा
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रमेशचंद तोमर के बीजेपी में जाने से कांग्रेसी खेमा अचानक से सकते में आ गया।
बुधवार देर रात दो टीवी चैनलों पर खबर चलते ही शहर में यह बात आग की तरह फैल गई। थोड़ी ही देर में सेक्टर-36 स्थित कांग्रेस कार्यालय बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हो गए और हंगामा शुरू हो गया।
देररात तक इस मामले में लोगों के बीच सस्पेंस बरकरार रहा।
12 घंटे में ही बयान से पलटे तोमर
मजेदार बात ये है कि कल रात जब तोमर के बीजेपी में शामिल होने की खबर आई तो उन्होंने खुद ही इस बात से इंकार किया था। तोमर ने इसे अफवाह और विरोधियों की साजिश करार देते हुए तत्काल प्रेस कांफ्रेस करके सफाई दी थी और कांग्रेस से ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।
रात करीब 10.35 बजे एक टीवी चैनल पर खबर प्रसारित की गई कि गौतमबुद्घ नगर से कांग्रेस प्रत्याशी ने हाथ का साथ छोड़कर बीजेपी से नाता जोड़ लिया है।
थोड़ी ही देर में यह खबर पूरे राजनीतिक हलकों में फैल गई। वहीं, पुष्टि के लिए मीडिया हाउसेज के भी फोन घनघनाने लगे। आनन फानन में रात 11 बजे कांग्रेस प्रत्याशी रमेश चंद तोमर, जिलाध्यक्ष कृपाराम शर्मा, डॉ. वीके सिंह, विकास तोमर आदि ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस खबर को नकार दिया था।
कांग्रेस के खिलाफ किसने रची साजिश?
तोमर ने अपने बयान में कहा था कि चुनाव में उनकी उम्मीदवारी से बीजेपी, समाजवादी पार्टी और बसपा खेमे के लोग डरे हुए हैं। इसी वजह से साजिश कर उनका वोट बैंक तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया पर भी उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया था।
इतना ही नहीं तोमर ने गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी एवी राजामौली से इस मामले की शिकायत करने की भी चेतावनी दी थी।
हालांकि अब मामला पूरी तरह साफ होने के बाद तोमर के ये सारे आरोप बेमतलब साबित हो गए। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस के खिलाफ इतनी बड़ी साजिश रचने में किसका हाथ है?