Republic Day 2025: दिल्ली में हवा में उड़ने वाली चीजों पर बैन, कर्तव्य पथ पर परेड रिहर्सल पर दिखा ऐसा नजारा
26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर परेड की रिहर्सल के दौरान आर्मी के ट्रक और सुरक्षाकर्मी दिखे। वहीं गणतंत्र दिवस के मद्देनजर 18 जनवरी से 15 दिन तक कई चीजों पर प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं।
विस्तार
गणतंत्र दिवस व दिल्ली चुनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने टीम को अलर्ट रहने को कहा है। इसके तहत पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर, हैंग ग्लाइडर, मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी), मानव रहित विमान प्रणाली (यूएएस), माइक्रो-लाइट विमान, दूर से संचालित विमान, गर्म हवा के गुब्बारे, छोटे आकार के संचालित विमान, क्वाडकॉप्टर आदि उड़ाने, विमान से पैरा-जंपिंग, उप-पारंपरिक हवाई प्लेटफार्मों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
यह प्रतिबंध 18 जनवरी से 15 दिनों की अवधि यानी 1 फरवरी तक प्रभावी रहेगा। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कुछ आपराधिक, असामाजिक तत्व या आतंकवादी पैरा-ग्लाइडर व ड्रोन आदि से हमला कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह-2025 के अवसर पर दिल्ली में ऐसा करना दंडनीय होगा।
इस साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसे लेकर भारत ने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। दरअसल, पहले खबर थी कि प्रबोवो भारत के बाद पाकिस्तान के दौरे पर जाने वाले हैं। हालांकि अब इंडोनेशियाई राष्ट्रपति पाकिस्तान नहीं जाकर मलेशिया की यात्रा करने वाले है, जिससे ये बात लगभग-लगभग तय माना जा रहा है कि प्रबोवो गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि हो सकते हैं।