पढ़ें कंझावला कांड की FIR: एक्सिडेंट के बाद जोंटी में रोकी कार, शव बाहर निकालकर फेंका, गाड़ी घर के पीछे छिपाई
रोहिणी स्थित फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने आरोपियों की कार का निरीक्षण किया है। कार की चेसिस में ड्राइवर के बगल वाली सीट की तरफ आगे से पीछे तक कार के नीचे खून ही खून लगा मिला है। कार के नीचे स्किन के हिस्से मिले हैं।
विस्तार
सुल्तानपुरी कांड के पांचों आरोपियों ने जब कंझावला रोड पर जोंटी गांव के पास कार रोकी तो उन्होंने युवती को कार में फंसा देखा। आरोपियों ने युवती को कार के नीचे से निकाला और उसे खुले आसमान के नीचे सर्दी में वहीं फेंककर चले गए। युवती के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। इसके बाद दीपक ने कार को सुबह पांच बजे अपने घर के पीछे छिपा दी थी।
सुल्तानपुरी थाने में दर्ज एफआईआर (नंबर-2/23) से ये खुलासा हुआ है। एफआईआर में आरोपी अमित व दीपक ने कार मालिक आशुतोष को बताया है कि उन्होंने ज्यादा शराब पी रखी थी। उन्होंने किशन विहार में एक स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी थी। डर की वजह से वह मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने ये नहीं देखा कि युवती कार में फंस गई है। दूसरी तरफ इस मामले में गृहमंत्रालय ने संज्ञान लिया और दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।
एफआईआर में कहा गया है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी पड़ी मिलने की सूचना पर पुलिस ई-7/डी-2 शनि बाजार रोड किशन विहार पहुंची। यहां क्षतिग्रस्त स्कूटी खड़ी मिली। स्कूटी का फ्रंट राइट साइड हिस्सा क्षतिग्रस्त था। पुलिस को मौके पर कोई गवाह नहीं मिला। मौके पर एक जूता पड़ा मिला। स्कूटी का मालिकाना निकलवाया गया तो पता लगा कि स्कूटी एम-ब्लॉक, मंगोलपुरी निवासी रेखा के नाम रजिस्टर्ड है।
पता लगा कि वह पांच वर्ष पहले घर खाली करके चले गए हैं। इसके बाद सुल्तानपुरी थाना पुलिस को रोहिणी जिले से तीन पीसीआर कॉल मिलीं। सूचना दी गई कि वाई पॉइंट, हनुमान मंदिर के पास जोंटी गांव के पास कंझावला रोड पर युवती नग्न अवस्था में पड़ी हुई है। पुलिस को बेलेनो कार का नंबर मिल गया। पुलिस ने युवती को एसजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
कॉलर से मिले रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पता लगा कि कार सेक्टर-एक, रोहिणी निवासी आशुतोष की है। आशुतोष ने बताया कि कार को उसका दोस्त अमित खन्ना व दीपक खन्ना 31 दिसंबर को शाम सात बजे मांगकर ले गए थे। दीपक व अमित ने आशुतोष को बताया था कि किशन विहार में एक लड़की का एक्सीडेंट हो गया है। कंझावला रोड पर पता चला कि कार के नीचे लड़की फंसी हुई है। इन्होंने लड़की को कार के नीचे से निकाला और और उसे वहीं फेंककर चले गए। कार को दीपक चला रहा था।
गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से मांगी रिपोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुल्तानपुरी कांड मामले में संज्ञान लिया है। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने विशेष पुलिस आयुक्त शालिनी सिंह की देखरेख में विशेष टीम गठित की है। दिल्ली पुलिस इस मामले में जल्द ही दिल्ली पुलिस को रिपोर्ट देने जा रही है।
कार की चेसिस में काफी खून व स्किन लगा मिला
रोहिणी स्थित फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने आरोपियों की कार का निरीक्षण किया है। कार की चेसिस में ड्राइवर के बगल वाली सीट की तरफ आगे से पीछे तक कार के नीचे खून ही खून लगा मिला है। कार के नीचे स्किन के हिस्से मिले हैं। काफी मात्रा में खून मिला है। एफएसएल के अधिकारियों के अनुसार, युवती कार की अंडर बॉडी पार्ट्स में फंस गई थी। कार से बीड़ी व सिगरेट मिले हैं।