सबको दीवाना बना गए रश्मि के ठुमके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छोटे पर्दे की अदाकारा रश्मि देसाई के ठुमकों पर रविवार को गाजियाबाद जमकर झूमा। धूम मचा ले... और मैनूं यार न मिले... गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर रश्मि ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मौका था अमर उजाला के दिवाली शॉपिंग कार्निवाल का। जीटी रोड स्थित अनंत वाटिका में आयोजित अमर उजाला दिवाली शॉपिंग कार्निवल में रश्मि के साथ ही दिल्ली की डी-स्टार डांस कंपनी के कलाकारों ने रंग जमाया।
मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट कपिल सिंह और समाजसेवी सिकंदर यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पुष्प देकर मुख्य अतिथियों का अभिनंदन किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने इस मौके पर कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। एंकर्स ने अपनी वाकपटुता से दर्शकों को आयोजन से बांधे रखा।
दर्शकों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों का भी आयोजन हुआ। वर्ल्ड रिकार्ड होल्डर डी-स्टार डांस कंपनी के कलाकारों ने अपने धमाकेदार नृत्य के जरिए कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद अदाकारा रश्मि देसाई ने राम चाहे लीला, लीला चाहे राम... नगाड़े ढोल बाजे... समेत कई गीतों पर नृत्य प्रस्तुति दी।
'यहां के लोगों से है पुराना रिश्ता'
टीवी सीरियल उतरन में तपस्या की भूमिका से फेमस हुईं रश्मि देसाई ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि गाजियाबाद से उनका पुराना नाता है। उनके कई रिश्तेदार यहां रहते हैं। वह अक्सर गाजियाबाद आती हैं, लेकिन यह पहला मौका है जब उन्हें शहर में प्रस्तुति देने का मौका मिला।
उन्होंने बताया कि जल्द ही वे छोटे पर्दे पर दो नए सीरियल के साथ आने वाली हैं। उन्हें आशा है कि दोनों ही सीरियल दर्शकों पसंद आएंगे। जल्द ही इनकी घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वह बेहद प्रभावित हैं। वे गुजराती हैं और प्रधानमंत्री भी गुजरात से हैं।
उनके स्वच्छ भारत अभियान की रश्मि ने सराहना करते हुए कहा कि यह शानदार अभियान है। साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी देश में ही नहीं, विदेशों में भी भारत की साख बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल फिल्में करने का कोई विचार नहीं है, सारा ध्यान नए टीवी सीरियल्स पर ही है।
विकास ने जीती स्कूटी, भावना ने जीता फ्रिज
दिवाली शॉपिंग कार्निवल में गाजियाबाद के विकास कुमार ने स्कूटी और भावना गुप्ता ने फ्रिज जीता। अनुज गुप्ता एलईडी टीवी, धीरज, सपना और मेघना ने माइक्रोवेव जीता। इस दौरान बच्चों और महिलाओं ने कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। जिन्हें इनाम में गिफ्ट वाउचर दिए गए।