नशेबाज महिला ने एक गरीब की ली जान: रैपिडो राइडर को कुचलकर की भागने की कोशिश, रुला देगा काली रात का ये किस्सा
हादसे के बाद रैपिडो राइडर को गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त अभिषेक कपूर (28) के रूप में हुई। हादसे के बाद आरोपी महिला कार चालक ने मौके से कार समेत भागने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद कैब चालक ने आरोपी को पकड़ लिया।
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में शुक्रवार रात नशे में धुत महिला कार चालक ने बाइक सवार रैपिडो राइडर को कुचल दिया। हादसे के बाद गंभीर हालत में युवक को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त अभिषेक कपूर (28) के रूप में हुई। हादसे के बाद आरोपी महिला कार चालक ने मौके से कार समेत भागने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद कैब चालक ने आरोपी को पकड़ लिया। बाद में पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला सुनीता (35) को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने इतनी शराब पी हुई थी कि वह ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक अभिषेक परिवार के साथ लक्ष्मी नगर इलाके में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा, पत्नी प्रिया और डेढ़ साल की बेटी है। पिछले कुछ महीनों से अभिषेक रैपिडो बाइक राइडर का काम कर रहा था। शुक्रवार को दिन में वह काम पर निकला हुआ था। इस बीच 10.30 बजे तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसे कॉल करने लगे। देर रात 1.00 बजे पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे। वहां पहुंचने पर पता चला कि हादसा एनएच-नौ पर दिल्ली जल बोर्ड दफ्तर, ईस्ट विनोद नगर के पास हुआ। वैगनआर कार चला रही सुनीता नामक महिला ने अभिषेक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान पता चला है कि सुनीता कनॉट प्लेस इलाके में एक फाइनेंस कंपनी में काम करती है। वह परिवार के साथ अभय खंड, इंदिरापुरम, गाजियाबाद में रहती है। शुक्रवार रात को वह दफ्तर में पार्टी करके वापस लौट रही थी। इस बीच उसने अभिषेक को टक्कर मार दी। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। महिला को जमानत पर मिलने पर अभिषेक के परिवार ने ऐतराज जताया है।
अभिषेक के परिवार में मातम का माहौल...
रैपिडो बाइक चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे अभिषेक के परिवार में मातम का माहौल है। माता-पिता के अलावा उसकी पत्नी प्रिया का रोते-रोते बुरा हाल है। अभिषेक की कजिन गुंजन ने बताया कि रोजाना उनका भाई रात नौ बजे तक घर आ जाता था। लेकिन शुक्रवार को उसे देर हुई तो परिजनों ने 10.30 बजे से उसे कॉल करना शुरू किया। फोन करने पर कभी घंटी बजती रही तो कभी कोई फोन उठाकर काट देता था। परिजनों का दिल घबराने लगा। इस बीच एक बजे पुलिस ने कॉल कर अभिषेक की मौत की सूचना दी। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया।