सोसायटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा के बावजूद होता रहा दुष्कर्म
नेपाली महिलाओं से दुष्कर्म का आरोपी सऊदी अरब राजनयिक दिल्ली-एनसीआर के सबसे हाई प्रोफाइल हाउसिंग सोसायटी में रहता है। सेवन स्टार इस सोसायटी के हर फ्लैट में महलों जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
मनोरंजन से लेकर शॉपिंग तक के लिए यहां रहने वालों को बाहर जाने की जरूरत महसूस नहीं होती। यहां मॉल, स्वीमिंग पूल, जिम व गोल्फ कोर्स मौजूद है।
दिल्ली बॉर्डर पर स्थित कैटरोइना सोसायटी 150 एकड़ के भू-भाग पर बसी हुई है। इस सोसायटी में 300 फ्लैट हैं, जिसमें रहने वाले बड़े उद्योगपति, एंबेसी से ताल्लुक रखने वालों के साथ मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले बड़े लोग हैं।
विश्व स्तरीय सुरक्षा के बावजूद कुकर्म
आरोपी राजनयिक इसी सोसायटी के टावर टू-152 नंबर फ्लैट में रहता है, जिसकी कीमत 15 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके लिए सऊदी अरब के दूतावास की ओर से प्रति माह पांच-पांच लाख रुपये बतौर किराया चुकाया जाता है।
इसी फ्लैट में दोनों नेपाली महिलाओं को बंधक बना दुष्कर्म व कुकर्म का शिकार बनाने का आरोप है। फ्लैट में अंतरराष्ट्रीय स्तर की तीन स्तरीय सुरक्षा है।
सोसायटी में रहने वालों की तस्वीर और उनके आने के सेंसर से गेट खुलता है। अपने वैभव के लिए मशहूर इस सोसायटी मे रहने वाले इस घटना के बाद से काफी अचंभित हैं।