'मोदी जी अगर हमारे पास चपरासी भी छोड़ देंगे तो भी सरकार चलाकर दिखाएंगे'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली सरकार में तिलमिलाहट साफ दिखी। राजेंद्र कुमार का बचाव करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर जमकर गुस्सा निकाला।
केंद्र सरकार पर निचले स्तर की सियासत करने का आरोप लगाते हुए सिसोदिया ने कहा कि पंजाब, गोवा व गुजरात में आप को मिल रहे जनसमर्थन से केंद्र सरकार घबरा गई है। राजेंद्र कुमार की गिरफ्तारी और अधिकारियों के तबादले इसी का नतीजा है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार की पूरी कोशिश दिल्ली सरकार को अस्थिर करने की है। राजेंद्र कुमार की गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले सात महीने से मामला चल रहा है।
'आप को मिल रहे समर्थन पर घबराई मोदी सरकार'
दिल्ली सरकार पहले दिन से कह रही है कि अगर राजेंद्र कुमार ने कुछ गलत किया है तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो। लेकिन अभी तक सीबीआई कोई ऐसा प्रमाण नहीं दे सकी है, जिसे राजेंद्र कुमार की गिरफ्तारी का आधार बनाया जा सके।
अदालत ने भी इसके लिए सीबीआई को फटकार लगाई थी। सिसोदिया ने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पंजाब दौरे के दौरान मिले जनसमर्थन से केंद्र सरकार घबरा गई है।
अचानक राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार करके सिर्फ मुख्यमंत्री को अस्थिर किया जा रहा है। मोदी सरकार का मकसद सिर्फ दिल्ली सरकार को अपाहिज करना है। ताकि ये सरकार ठीक से काम नहीं कर पाए। दिल्ली सरकार पर एक साथ तीन तरह से गृह मंत्रालय, सीबीआई और एसीबी के जरिए हमला किया गया है।
'मोदी जी बेहद घटिया हरकतों पर उतर आए हैं'
सिसोदिया ने कहा कि पिछले दो दिन में केंद्र सरकार ने दिल्ली के 11 अहम अफसरों का तबादला कर राज्य के बाहर भेज दिया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसी क्या इमरजेंसी थी। बगैर ज्वाइंट कैडर कमेटी मे बात किए अचानक तबादला क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनी में विकास का काम देख रहे अफसर को हटाकर अंडमान भेज दिया गया है। जिस अफसर को सारे स्कूल में सीसीटीवी लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी, उसको दिल्ली से बाहर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह सिर्फ यही है कि पंजाब, गोवा में आम आदमी पार्टी की रैलियों में भारी भीड़ उमड़ रही है।
गुजरात में भी जनाधार तेजी से बढ़ा है। सिसोदिया के मुताबिक, पंजाब की जनता ने आप की सफलता की एक तरह से गारंटी ले रखी है। इससे केंद्र में बैठे लोग और मोदी जी बेहद घटिया हरकतों पर उतर आए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वे एक चपरासी भी दिल्ली में छोड़ देंगे तो आप सरकार उसी के बल पर दिल्लीवालों के लिए काम करके दिखा देंगे। अनधिकृत कॉलोनियों में विकास का काम रुकने नहीं देंगे।