योग दिवस को लेकर दिल्ली, हरियाणा और यूपी में पुलिस अलर्ट, फिर भी रातभर होती रही दरिंदगी
गुरुग्राम के सोहना से महिला को अगवा कर गैंगरेप के मामले में पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस को दिए गए पीड़िता के शुरुआती बयान पर भरोसा करें, तो गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा आने के दो रास्ते हैं और इन दोनों की दूरी 70 से 80 किलोमीटर है।
खास बात यह है कि इस दूरी को तय करने के लिए तीन राज्यों से होकर गुजरना पड़ता है। इसके बावजूद तीन आरोपी एक महिला को जबरन गुरुग्राम से नशे की हालत में लेकर ग्रेटर नोएडा तक लाने व दरिंदगी करने में कामयाब कैसे हो गए।
हरियाणा, दिल्ली और यूपी तीनों राज्यों व इनकी सीमा में पुलिस ने वाहन को चेक क्यों नहीं किया? ये सवाल तब और बड़ा हो जाता है जब योग दिवस पर सुरक्षा एजेंसियों ने तीनों राज्यों में पुलिस को अलर्ट किया गया है।
अब तक की पुलिस पड़ताल में ये तो स्पष्ट हो गया है कि आरोपी पीड़ित महिला को गुरुग्राम के सहारा मॉल के पास से लेकर आए थे। इसके बाद आरोपियों ने कार में ही महिला से नशीला पदार्थ पिलाकर गैंगरेप किया।
रात डेढ़ बजे लोकेशन गुरुग्राम, तड़के 3:56 पर ग्रेटर नोएडा सीसीटीवी में दिखी
आरोपी देर रात तक गुरुग्राम व हरियाणा क्षेत्र में ही पीड़िता को लेकर घूमते रहे और तड़के चार बजे से कुछ पहले पीड़िता को ग्रेटर नोएडा में फेंककर भाग गए। यानी रात डेढ़ बजे के बाद आरोपियों ने ग्रेटर नोएडा का रुख किया।
यहां आने के लिए अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी पहले दिल्ली गए। फिर वहां से नोएडा से एक्सप्रेसवे के रास्ते पी-3 सेक्टर की उस सड़क पर लेकर पहुंचे जहां उसके पड़े होने की सूचना मंगलवार तड़के पुलिस को दी गई। हालांकि एक रास्ता फरीदाबाद होते हुए भी गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक आता है। ये दोनों ही रास्तों की दूरी लगभग 80 किमी है।
वारदात के बाद पुलिस ने महिला के मोबाइल की लोकेशन, चाचा होटल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। एसपी देहात सुनीति ने बताया कि महिला की लोकेशन रात लगभग डेढ़ बजे तक गुरुग्राम के आसपास मिली है। वहीं, चाचा होटल के पास लगे एक सीसीटीवी फुटेज में महिला तड़के 3.56 बजे सड़क पर चलती दिखी है।
ग्रेटर नोएडा क्यों फेंका, लोकल लिंक खंगाल रही पुलिस
हालांकि, कुछ कदम चलने के बाद महिला एक चबूतरे पर बैठ गई। इसके बाद चार बजे पुलिस को सिक्योरिटी गार्ड ने सूचना दे दी है। एसपी देहात के मुताबिक, महिला से कोई लूटपाट नहीं की गई। महिला का बैग, मोबाइल, आभूषण आदि उसके पास मिले हैं।
पूरी वारदात को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह भी कि आरोपी पीड़िता को लेकर गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा क्यों आए? आरोपियों ने इतना बड़ा रिस्क क्यों लिया। इससे पुलिस को अंदेशा हो रहा है कि आरोपी ग्रेटर नोएडा से जुड़े हो सकते हैं।
इसके चलते पुलिस वारदात के लोकल लिंक को भी खंगाल रही है। अंदेशा यह भी है कि हो सकता है कि ग्रेटर नोएडा या आसपास का कोई आरोपी गुरुग्राम में नौकरी आदि करता हो और वारदात के बाद पीड़िता को ग्रेटर नोएडा लेकर आया हो।
मौके पर पड़ी थी बीयर की बोतल
जिस स्थान पर महिला को कार से फेंकने की जानकारी दी गई है। वहां पर बीयर की दो खाली बोतल भी पड़ी थीं। इसके अलावा एक दोना (यूज एंड थ्रो बाउल) भी वहां पड़ा हुआ था। इससे अंदेशा जताया जा रहा था कि आरोपियों ने महिला को कार मेें अगवा कर नशा किया और फिर दरिंदगी की। महिला को सड़क पर फेंकने के दौरान ही आरोपियों ने बीयर व दोना वहां फेंका। हालांकि कुछ दूरी पर शराब का ठेका होने के कारण कुछ लोग किसी अन्य की बीयर की बोतल होने का भी अंदेशा जता रहे थे।