डेंजरस डॉक्टर: जीजा को दर्द में देख साला ले गया इलाज कराने, क्लीनिक पर झोलाछाप ने लगा दिया 'मौत' का इंजेक्शन
-झोलाछाप ने लगा दिया गलत इंजेक्शन मरीज की हुई
-गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
-शाहदरा जिला के गांधी नगर स्थित रघुबरपुरा-2 की वारदात
-पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
विस्तार
दिल्ली के गांधी नगर इलाके में झोलाछाप ने एक व्यक्ति को गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी जान चली गई। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद सत्तार (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सत्तार का शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने लगाए गए इंजेक्शन के लेबल व अन्य सामान बरामद कर लिया है।
कहीं सत्तार को पहले से तो नहीं थी कोई बीमारी
पुलिस ने सत्तार के साले इम्तियाज की शिकायत पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सत्तार को पहले से कोई बीमारी तो नहीं थी। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट ओने के बाद मौत की असली वजहों का पता चल जाएगा।
दोनों करते थे सिलाई का काम
पुलिस को दिए बयान में पीड़ित इम्तियाज ने बताया कि वह गली नंबर-4, शांति गली, रघुबरपुरा-2, गांधी नगर में पिछले दो सालों से किराए के मकान में रह रहा है। वेह एक निजी कंपनी में सिलाई का काम करता है। इसका जीजा सत्तार भी पास की गियानी बिल्डिंग में रहता था। सह भी सिलाई का काम करता था।
पेट दर्द की शिकायत पर पहुंचा था झोलाछाप के पास
शुक्रवार को सत्तार का फैक्टरी से कॉल आया और उसने पेट में तेज दर्द होने की बात की। इम्तियाज जीजा की फैक्टरी पहुंचा। वहां से जीजा को साथ ले आया। बाद में वह जीजा को सीतामणि क्लीनिक, रघुबरपुरा-2 ले गया। वहां अंश कुमार नामक झोलाछप मौजूद था। पीड़ित ने उसे बीमारी बताई तो आरोपी ने दो इंजेक्शन लगा दिए।
गर्म पानी लेने गया जीजा, वापस आने पर जीजा की हुई मौत
इसके बाद कुछ दवाई भी दी गई। इम्तियाज जीजा सत्तार को लेकर अपने कमरे पर ही आ गया। इस बीच जीजा की तबीयत बिगड़ने लगी। वह दवाई के लिए गर्म पानी लेने चला गया। वापस आकर देखा तो जीजा की मौत हो चुकी थी। इम्तियाज ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।