Delhi: राजधानी में नहीं थम रहा लापरवाही से मौत का सिलसिला, खुले नालों में गिरने से दो युवकों की मौत
सिविक एजेंसियों की लापरवाही से लोगों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को आया नगर व मयूर विहार में खुले नाले में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई।
विस्तार
राजधानी में सिविक एजेंसियों की लापरवाही से लोगों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को आया नगर व मयूर विहार में खुले नाले में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि नालों के किनारों पर फिसलन व ढलान थी जिससे पैर फिसलने के कारण गिरने की आशंका है। वहीं, दोनों युवकों की रात तक पहचान नहीं हो पाई थी। सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सुबह जी- ब्लॉक, आया नगर के नाले में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने नाले से निकलवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया है। नाले के किनारे पर ढलान और फिसलन थी। आंशका है कि रात के समय युवक नाले में फिसल गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने जांच के लिए पानी के नमूने लिए हैं। शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
वहीं, मयूर विहार-पांडव नगर के नाले में भी सुबह युवक का शव मिला। मयूर विहार व पांडव नगर थाने की पुलिस टीमों और दमकल विभाग की टीम ने शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर अस्पताल में रखवा दिया है। करीब 30 वर्षीय युवक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
ये घटनाएं हो चुकी हैं
25 जून: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शिक्षिका साक्षी आहूजा की करंट लगने से मौत हो गई थी। बारिश के पानी में पड़े तारों से करंट आ गया था। रेलवे पुलिस ने जांच के बाद लापरवाही सामने आने पर दो इंजीनियरों पर कार्रवाई की थी।
26 जून: न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में करंट लगने से बेंगलूरू से मामा के घर जामिया नगर आए सोहेल की मौत हो गई थी। सोहेल सड़क पर भरे पानी के बीच से गुजर रहा था, तभी करंट लग गया। मौके पर पड़े तारों से पानी में करंट आ गया था। एनएफसी थाना पुलिस लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज किया था।
30 जून : हर्ष विहार में सर्विस रोड पर पानी से भरे गड्ढे में डूबने से ऑटो चालक अजीत शर्मा की मौत हो गई। हर्ष विहार पुलिस लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।