दिल्ली की जीत को देशभर में भुनाने की है तैयारी
आम आदमी पार्टी के मंत्रिमंडल में पहली बार उप मुख्यमंत्री का पद बनाए जाने की योजना के पीछे पार्टी की मंशा दिल्ली में मिली जबरदस्त कामयाबी को देश भर में भुनाने की है। केजरीवाल ने इस मंत्रिमंडल में जातीय समीकरण के अलावा पुराने साथियों का भी ख्याल रखा है।
हालांकि सिख चेहरा इस मंत्रिमंडल में नहीं है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि संसदीय सचिव के रूप में एक सिख नेता की ताजपोशी भी जल्द की जाएगी। जबकि डिप्टी स्पीकर पद के लिए महिला को लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि मनीष सिसोदिया को उप मुख्यमंत्री बनाने के पीछे पार्टी के रणनीतिकारों की मंशा है कि देश भर में संगठन को ताकत देने के अलावा आगामी विधानसभा चुनावों के अलावा लोकसभा चुनाव मिशन 2020 में अभी से जुटा जाए।
इसलिए पार्टी के सबसे बड़े स्टार प्रचारक अरविंद केजरीवाल के पास पर्याप्त समय होना चाहिए। मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी रहते हुए उन्हें समय निकालने में दिक्कत रहेगी। ऐेसे में मनीष सिसोदिया को उप मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया, ताकि केजरीवाल को समय-समय पर बाहर निकलने का मौका मिल सके। हालांकि यह रणनीति स्वयं केजरीवाल की बताई जाती है लेकिन इसपर सभी सदस्यों की मोहर लग गई हैं।
इस तरह बनाई जा रही है रणनीति
दूसरी ओर मंत्रिमंडल में स्थान पाए गोपाल राय को मंत्री बनाने के नाम पर सहमति न बनाने की बात की गई थी। सूत्र बताते हैं कि गोपाल के आप के जन्म से पहले से ही अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़े रहने व उनकी वरिष्ठता पर सभी को सहमत होना पड़ा। इसी तरह त्रिनगर से विधायक चुने गए जितेंद्र सिंह तोमर भी मंत्रिमंडल में स्थान अरविंद के पुराने साथियों में एक होने व तेज तर्रार छवि के कारण मिला है।
मंत्रिमंडल का मुस्लिम चेहरा आसिम अहमद खान होंगे। इन्हें इस बार कांग्रेस से चुनाव लड़े व पांच बार से लगातार विधायक रहे शोएब इकबाल को हराने का ईनाम मिला है। इसी तरह से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन को उनके पूर्व के कार्यकाल में कुछ करने के जज्बे का फल मिला है।
सुल्तानपुर माजरा से संदीप कुमार ने प्रभु दयाल को अब तक के सबसे अधिक रिकॉर्ड मार्जिन से हराया है। संदीप को इसके ईनाम स्वरूप मंत्रिमंडल में लिया जाना बताया गया है। पार्टी ने रामनिवास गोयल को स्पीकर व बंदना कुमारी को डिप्टी स्पीकर के रूप में तय करके वैश्य व महिला को स्थान दिया गया है।