भूषण ने लगाए केजरीवाल टीम पर गंभीर आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के बागी नेता प्रशांत भूषण ने अब आप के अनुशासन समिति के गठन पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आप की अनुशासन समिति असंवैधानिक है।
उन्होंने अनुशासन समिति को अवैध करार देते हुए इसके सदस्य आशीष खेतान और पंकज गुप्ता के खिलाफ संगीन आरोप होने की बात कही। उन्होंने कहा कि आशीष और पंकज ने ही उनके ऊपर कुछ दिन पहले आरोप लगाए थे और अब वही उसका फैसला भी करेंगे। ये कहां तक न्यायसंगत है।
गौरतलब है कि आप ने योगेंद्र यादव प्रशांत भूषण समेत आनंद कुमार और अजीत झा को 17 अप्रैल को नोटिस भेजा था। इस नोटिस का जवाब उन्हें रविवार को देना था लेकिन कल शाम तक इन चारों ने जवाब नहीं दिया।
खेतान पर लगाया ये आरोप
उन्होंने आशीष खेतान पर तहलका मैगजीन के लिए पत्रकारिता करते हुए एक कंपनी से पैसे लेकर आर्टिकल लिखने का आरोप लगाया। इसके साथ ही प्रशांत ने पंकज गुप्ता के खिलाफ भी 2 करोड़ के फर्जी चेक से चंदा मिलने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि ये दोनों ही मामले लोकपाल के पास जाने चाहिए थे, लेकिन ये नहीं गए। उनका कहना था कि उनकी मांग है कि इनकी जांच हो लेकिन पार्टी ने तो लोकपाल को ही बाहर कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने 28 मार्च को राष्ट्रीय परिषद की बैठक को भी अवैध करार दिया।
वहीं आम आदमी पार्टी ने एक प्रेस कांफ्रेंस करके प्रशांत के सभी आरोपों का खंडन किया। आशुतोष ने कहा कि इस तरह ये केवल पार्टी की छवि को खराब करने का काम कर रहे हैं।