लॉकडाउन के बाद हवाई अड्डों पर होगी कॉन्टैक्टलेस एंट्री, बिना छुए टिकट और आईडी की स्कैनिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन के बाद किस तरह से तमाम बंद सेवाएं सामान्य होंगी और किस तरह से लोग सामान्य रूप से यात्राएं कर सकेंगे इसके लिए सरकार व संबद्ध प्राधिकरणों ने तेजी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन्हीं में से एक घरेलू हवाई सेवाएं जिन्हें शुरू करने के लिए विभिन्न एयरपोर्ट अथॉरिटी तेजी से तैयारियों में जुटी हैं।
कोरोना वायरस हवाई यात्राओं के चलते ही पूरी दुनिया में तेजी से फैला, यही वजह है कि अथॉरिटी कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहतीं जिससे हवाई यात्रा की सुरक्षा में कोई भी कमी न रह जाए। इसे लेकर नए सिरे से विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
दिल्ली हवाई अड्डे की संचालक संस्था दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड समेत तमाम एयरपोर्ट प्राधिकरणों ने संक्रमण को रोकने एक लिए योजना तैयार की है। इसके तहत हवाई अड्डों की उन जगहों की पहचान की गई है, जहां कर्मचारी से लेकर यात्रियों तक की सहूलियतों से जुड़ी चीजें एक-दूसरे के संपर्क में आती हैं। ताकि इन चीजों को हर बार संक्रमण रहित किया जा सके और कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
प्रवेश के समय से ही बरती जाएगी सतर्कता
हवाई अड्डों पर संक्रमण फैलने की सबसे बड़ी आशंका प्रवेश के समय ही रहती है। ऐसे में एयरपोर्ट अथॉरिटीज ने यहीं पर संक्रमण रोकने के लिए योजना तैयार की है। प्रवेश के दौरान कॉन्टैक्टलेस सिस्टम तैयार किया गया है ताकि कोई यात्री एक-दूसरे के संपर्क में न आए। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद यात्री सबसे पहले बैगेज ट्रॉली के संपर्क में आते हैं।
इसलिए सबसे पहले ट्रॉली के हैंडल से संक्रमण एक यात्री से दूसरे में फैलने की आशंका होती है। इस समस्या के निराकरण के लिए फोरकोर्ट एरिया में एक कीटाणुनाशक सुरंग बनाई गई है।
सामाजिक दूरी का भी रखा जाएगा ध्यान
यात्रियों के बीच सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए मार्किंग की जाएगी। दस्तावेजों की जांच से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, टर्मिनल गेट पर दस्तावेजों की जांच कर रहे यात्रियों को सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा। टिकट और आईडी प्रूफ की स्कैनिंग बिना छुए की जाएगी।
दिल्ली में हर एयरलाइन के लिए अलग दरवाजा और अलग चेक इन काउंटर होगा
सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए ही दिल्ली हवाई अड्डे पर हर एयरलाइंस के लिए अलग दरवाजे और चेक इन काउटर बनाए गए हैं। इसके अनुसार, विस्तारा और इंडिगो एयरलाइंस के यात्री गेट संख्या 1 और 2 से टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश कर सकेंगे। विस्तारा के लिए ए-रो में मौजूद चेक-इन काउंटर निर्धारित किए गए हैं।
इसी तरह, इंडिगो एयरलाइंस के यात्री बी और सी रो के चेक-इन काउंटर से अपना बोर्डिंग पास हासिल कर सकेंगे। वहीं, एयर एशिया और एयर इंडिया के यात्री गेट संख्या 3 और 4 से अंदर जाएंगे और क्रमश: डी और ईएफ रो के चेक इन काउंटर से अपना चेक-इन करा सकेंगे।