Delhi: पुलिस मुखबिर पर सुपारी देकर करवाया था हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार , हथियार और नकदी बरामद
कालिंदी कुंज इलाके में तीन जून की रात को हुई फायरिंग में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान श्रीनिवासपुरी निवासी आरिफ, पश्चिम बंगाल निवासी शफीक अली उर्फ बाबू हकला और मदनपुर खादर निवासी तरुण उर्फ रंजन के रूप में हुई है।
विस्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कालिंदी कुंज इलाके में तीन जून की रात को हुई फायरिंग में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान श्रीनिवासपुरी निवासी आरिफ, पश्चिम बंगाल निवासी शफीक अली उर्फ बाबू हकला और मदनपुर खादर निवासी तरुण उर्फ रंजन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, एक तमंचा 19 कारतूस, वारदात में इस्तेमाल एक स्कूटी और एक लाख पांच हजार रुपये बरामद किए हैं।
छानबीन में पुलिस को पता चला कि बाबू हकला का इलाके में गांजा बेचने का धंधा है। उसे पता चला कि बबलू नाम का व्यक्ति उसके गिरोह और उसके लोगों की मुखबिरी पुलिस से करता है। इसलिए उसने बबलू की हत्या करवाने की साजिश रची। उसने अपने जानकार आरिफ से संपर्क किया और तीन लाख रुपये की सुपारी में डील कर ली। एक लाख रुपये एडवांस दे दिए गए। बाबू हकला के कहने पर आरिफ और जावेद ने तीन जून की रात बबलू पर गोली चलाकर जानलेवा हमला किया। गोली बबलू की टांग में लगी, हमले में वह बच गया।
अपराध शाखा के विशेष आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि तीन जून की रात को कालिंदी कुंज में आरोपियों ने जिस समय बबलू पर हमला किया, उस समय वह बाइक से अपने घर मदनपुर खादर जा रहा था। वह बाइक समेत गिर गया। आरोपियों ने बबलू पर 6 गोलियां चलाई। एक गोली उसकी टांग में लगी।