दिल्ली: स्क्रैप कारोबार के 44 लाख की लूट की साजिश का आरोप, 2 गिरफ्तार; बेटे ने कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश
डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय प्रंजय तिवारी और उसके दोस्त 21 वर्षीय सौरभ तिवारी उर्फ प्रफुल्ल के रूप में हुई है। प्रंजय एमएस पार्क निवासी कारोबारी अवधेश तिवारी का बेटा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के मान सरोवर पार्क ई ब्लॉक में शुक्रवार को दिनदहाड़े 44 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिए है। पुलिस के अनुसार कबाड़ के कारोबार के लेनदेन की रकम लूटने की साजिश रकम देने वाले कारोबारी के बेटे ने अपने ऊपर चढ़े कर्ज को चुकाने के लिए रची थी। पुलिस ने कारोबारी के बेटे और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय प्रंजय तिवारी और उसके दोस्त 21 वर्षीय सौरभ तिवारी उर्फ प्रफुल्ल के रूप में हुई है। प्रंजय एमएस पार्क निवासी कारोबारी अवधेश तिवारी का बेटा है।
पुलिस के मुताबिक शास्त्री नगर निवासी 52 वर्षीय जितेंद्र कुमार कबाड़ के कारोबार से जुड़े लेनदेन के लिए अवधेश तिवारी से 44 लाख रुपये लेकर राज कुमार नाम के व्यक्ति को देने जा रहे थे। रुपये एक बैग में रखे थे। जितेंद्र बाइक से मानसरोवर पार्क के ई-ब्लॉक इलाके से गुजर रहे थे।
इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल के बल पर 44 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें बदमाश हथियार लेकर वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए।
बेटे ने कर्ज चुकाने के लिए रची साजिश
जितेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लूट की वारदात के पीछे पहले से साजिश रची गई थी।
पुलिस जांच में कारोबारी अवधेश तिवारी के बेटे प्रंजय तिवारी की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, प्रंजय पर कर्ज था और उसे चुकाने के लिए उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 44 लाख रुपये लूटने की साजिश बनाई। पुलिस ने प्रंजय और उसके दोस्त सौरभ तिवारी उर्फ प्रफुल्ल को गिरफ्तार कर लिया।
रकम और अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अब लूटी गई रकम की बरामदगी के साथ वारदात को अंजाम देने वाले अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि साजिश में कितने लोग शामिल थे और वारदात की योजना कब और कैसे बनाई गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।