पेशेवर बदमाशों ने दिया था सचिन हत्याकांड को अंजाम
सेक्टर-24 थाना अंतर्गत एनटीपीसी से 50 मीटर पहले लाल बत्ती पर रविवार बाइक सवार दो बदमाशों दवारा रोहतक के सब-इंस्पेक्टर रणधीर सांगवान के बेटे सचिन की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने अहम खुलासा किया है।
पुलिस के मुताबिक सचिन की हत्या लूट के लिए की गई थी। ईस्ट दिल्ली के डीसीपी भैरो सिंह गुज्जर ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है।
इन्होंने न केवल सचिन हत्याकांड को बल्कि नोएडा और इंद्रापुरम में पिछले एक हफ्ते में 15 से ज्यादा वारदातों को भी अंजाम दिया है।
बदमाशों ने की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
गौरतलब है कि हाल ही में सेक्टर-24 थाना अंतर्गत एनटीपीसी से 50 मीटर पहले लाल बत्ती पर बाइक सवार दो बदमाशों ने रोहतक के सब-इंस्पेक्टर रणधीर सांगवान के कार सवार दो बेटों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
गोली लगने से एक की मौत हो गई थी जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस इस घटना को लूटपाट का विरोध करने से जोड़ रही थी।
रोहतक पुलिस लाइन में तैनात सब-इंस्पेक्टर रणधीर सांगवान का बड़ा बेटा सचिन (30) नोएडा स्थित एक मल्टी नेशनल कंपनी में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर था।