Faridabad News: घर में ऑनलाइन कसीनो खेल रहे पांच गिरफ्तार, तीन लैपटाप व दो कंप्यूटर समेत 67 हजार रुपये हुए बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि एनआईटी-एक स्थित घर में लोगों को ऑनलाइन कसीनो खिलाया जा रहा है।टीम ने घर पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी अलग-अलग कमरे में बैठकर कसीनो खेल रहे थे।
विस्तार
शाखा प्रभारी अशोक कुमार की टीम कोतवाली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। सूचना मिली थी कि एनआईटी-एक निवासी धीरज घर में लोगों को ऑनलाइन कसीनो खिलाता है। टीम ने धीरज के घर छापा मारकर धीरज, आलोक, अरुण, संतू और चंद्रेश को पकड़ लिया। सभी आरोपी अलग-अलग कमरे में बैठकर कसीनो खेल रहे थे। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
हारने पर 20 फीसदी मिलता था कमीशन
पूछताछ में धीरज ने बताया कि वह पीसीएम क्लाइंट नाम के एप से लोगों को ऑनलाइन कसीनो खिलाता है। एप में उसने अपनी आईडी बनाई हुई है। उसे कसीनो खिलाने का कमीशन मिलता है। खेलते समय कोई जीत जाए तो उसे रकम का पांच फीसदी कमीशन मिलता है, हारने पर 20 फीसदी मिलता है। इससे कोई जीते या हारे धीरज को कोई नुकसान नहीं होता था।