दिल्ली की जनता की सुरक्षा नहीं कर सकते तो इस्तीफा दें पीएम नरेंद्र मोदीः केजरीवाल
सरकारी संकल्प पर चर्चा के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दिल्ली की जनता की सुरक्षा नहीं कर सकते तो वे इस्तीफा दे दें। आप दिल्ली के लोगों से बदला ले रहे हैं। कांग्रेस ने 70 साल तक देश को लूटा है। 70 साल में कांग्रेस ने जितना लूटा, उससे अधिक चार साल में यह केंद्र सरकार लूट रही है।
केजरीवाल ने कहा कि राफेल घोटाला 36 हजार करोड़ रुपये का है। विजय माल्या 6 हजार करोड़ रुपये लेकर भाग गया। पिछले तीन साल में मुझ पर चार बार हमला कराया गया। यह हमले किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता पर हैं। चारों हमलों की अब तक जांच नहीं हुई।
सचिवालय में हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का फोन आया था। मैने उनसे कहा कि हमलावर तो आप का ही आदमी है। मैने कहा कि आप भाषण दे रहे हों तो एक लड़की आप पर कैसे इंक फेंक सकती है। इस पर वे इधर-उधर की बात करने लगे तो मैने कहा कि हां या ना में जवाब दीजिए। तब उन्होंने कहा कि नहीं हो सकता।
केजरीवाल ने कहा कि अब जनता पूछ रही है कि मोदी ने गुजरात में 12 साल में क्या किया। 12 साल गुजरात और तीन साल दिल्ली के काम की तुलना करें तो पता चल जाएगा कि हकीकत क्या है। दिल्ली पुलिस और उपराज्यपाल मिले हुए हैं।
उपराज्यपाल के पास विधायक कपिल मिश्रा और भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए तो वक्त है, लेकिन परिवहन मंत्री से मिलने का नहीं। डीटीसी हड़ताल हुई तो दिल्ली पुलिस को बोल दिया गया कि एस्मा लागू करने की जरूरत नहीं है। सीसीटीवी कैमरे नहीं लगने दे रहे हैं। मोहल्ला क्लीनिक नहीं बनने दिया जा रहा है।
एक करोड़ की नीति खत्म करने के हक में नहीं
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर जितनी कानून-व्यवस्था है वह दिल्ली पुलिस की जांबाज सिपाहियों के चलते है। मुझे नहीं लगता कि शहीद सिपाही के परिजनों को एक करोड़ रुपये देने की योजना को हमें रोकना चाहिए। मैं जानता हूं कि इमरान हुसैन पर हमला हुआ। सब कुछ वीडियो में है, लेकिन एफआईआर नहीं हुई। इसके लिए दिल्ली पुलिस नहीं, भाजपा जिम्मेदार है। आप के कई विधायकों के ऊपर झूठे मामले दर्ज हैं, लेकिन इसके लिए दिल्ली पुलिस जिम्मेदार नहीं है।
दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि
विशेष सत्र की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना, दिल्ली के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मनजिंदर सिंह धीर, पूर्व विधायक साहब सिंह चौहान, जिले सिंह चौहान और नंद किशोर सेहरावत के निधन पर शोक प्रस्ताव के साथ हुई। दशहरे पर पंजाब के अमृतसर में हुए दर्दनाक हादसे पर भी शोक जताया गया और 26/11 हमले के शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी गई।
एक दिन के लिए बढ़ा विशेष सत्र
विधानसभा का विशेष सत्र एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। मंगलवार को सदन में दिल्ली में मतदाता सूचियों से लाखों लोगों के नाम कथित रूप से हटाने के संबंध में चर्चा का होगी। इस मुद्दे पर भी सत्ता पक्ष व विपक्ष अपनी-अपनी बातें रखेंगे। इसके अलावा, सत्ता पक्ष ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएगा। इसमें राष्ट्रीय पेंशन योजना को समाप्त करके पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग रखी जाएगी।