पिंकी के परिवार वालों ने भी डाले वोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़गांव में अपनी लाडो के लिए इंसाफ की जंग लड़ रहे कासन गांव के लोगों ने मतदान दिवस को खास बना दिया। उन्होंने पिंकी के लिए इंसाफ की लड़ाई को जारी रखते हुए आने वाली प्रदेश सरकार से इंसाफ मिलने की आस में मतदान किया।
छात्रा पिंकी के आत्मदाह के मामले में सुर्खियों में आए कासन गांव में बुधवार का दिन बदला-बदला दिखा। पिंकी को खोने के गम और प्रशासन के रवैये से उग्र हुए ग्रामीण शांत दिखे।
उनकी आंखों में उम्मीद दिखी कि नई सरकार पिंकी को न्याय अवश्य देगी। कासन को लेकर प्रशासन भी काफी सतर्क दिखा। वोट डालने के बाद ज्यादातर लोग पिंकी के घर की ओर जाते दिखे। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए ग्रामीणों ने इंसाफ की लड़ाई में खुद के शामिल होने का अहसास कराया।
चार दिन पहले भतीजी को खोने वाले चाचा बुझे मन से सिर्फ इसलिए लौटे कि वे अपनी जिम्मेदारी पूरी कर सकें। मतदान के बाद लौटते वक्त चाचा सुरेश चौहान ने सिर्फ इतना कहा कि यह मतदान पिंकी को समर्पित था।
हालांकि, पिंकी के घर के शोकाकुल माहौल में घर के काफी सदस्यों के पैर मतदान केंद्र की तरफ नहीं निकल पाए। कासन के बदले माहौल को देखते हुए प्रशासनिक अफसरों ने भी राहत की सांस ली। जिला उपायुक्त शेखर विद्यार्थी ने कहा कि वे ग्रामीणों के निर्णय की तारीफ करते हैं। उन्होंने कहा कि पिंकी के परिजनों को पूरा इंसाफ मिलेगा।
103 वर्षीय बुजुर्ग ने दिया वोट
पटौदी। कस्बे में मतदान शांतिपूर्वक रहा। कोई भी अप्रिय घटना नही हुई। मतदान आज सुबह से ही शुरू हुआ, लेकिन लोगों में ज्यादा उत्साह देखने को नहीं मिला। हालांकि, दरापुर निवासी 103 वर्षीय पंडित अमर सिंह भारद्वाज अपने मत प्रयोग किया। वहीं, पहली बार वोट डालने वाले छात्र छात्राओं भी मतदान केन्द्र पर पहुंचे।
आश्रम हरि मन्दिर संस्कृत महाविद्यालय पटौदी के संचालक महा मंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव ने भी अपने मत का प्रयोग किया। लोकसभा चुनावों में तो मतदाताओं में अपना वोट डालने को लेकर काफी उत्साहिक भी थे, लेकिन विधानसभा चुनावों में मतदाताओं ने वोट डालने को लेकर कम ही रुचि दिखाई पड़ी।
पटौदी के एसडीएम बीरेंद्र चौधरी ने बताया कि इस क्षेत्र में मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्वक हुआ है, और किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नही हुई है। मतदान के पर लोगों ने बताया कि राज्य में किसे वोट दें, इसको लेकर अंत तक दुविधा रही, यही वजह है जिसकी वजह से लोगों में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई।