पिंक लाइन: दुर्गा बाई देशमुख-लाजपत नगर सेक्शन पर दौड़ने को तैयार मेट्रो, पढ़ें सभी खासियतें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी पिंक लाइन के दूसरे सेक्शन दुर्गा बाई देशमुख साउथ कैंपस से लाजपत नगर के बीच जल्द ही मेट्रो फर्राटा भरने वाली है। इस 8.10 किमी लंबे सेक्शन पर मेट्रो का ट्रायल रन पूरा हो चुका है और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए डीएमआरसी द्वारा कागजी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुछ ही दिनों में सुरक्षा आयुक्त से हरी झंडी मिलने के बाद इस सेक्शन को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
दुर्गा बाई देशमुख साउथ कैंपस से लाजपत नगर दिल्ली मेट्रो के मजलिस पार्क-शिव विहार (पिंक लाइन) कॉरिडोर का दूसरा सेक्शन है। इस कॉरिडोर के 20.6 किमी लंबे सेक्शन मजलिस पार्क-दुर्गा बाई देशमुख को यात्रियों के लिए पहले ही खोला जा चुका है।
दूसरे सेक्शन का निर्माण और ट्रायल पूरा होने के बाद अब मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण होना बाकि है यानि यह सेक्शन जुलाई में आने वाले दिनों में कभी-कभी यात्रियों के खोला जा सकता है।
डीएमआरसी ने इस सेक्शन की मेट्रो रेल सुरक्षा जांच के लिए सभी कागजी कार्रवाई पूरी करके कागजात मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त के पास भेज दिए हैं। कुछ ही दिनों में सुरक्षा आयुक्त द्वारा इस सेक्शन का निरीक्षण किया जा सकता है।
सुरक्षा जांच में खरे उतरने के बाद सेक्शन को सुरक्षा जांच के मानकों के आधार पर ग्रीन सिग्नल मिल जाएगा और उसके बाद यहां मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा।
दूसरे सेक्शन में हैं ये स्टेशन
पिंक लाइन के दूसरे सेक्शन पर सर विश्वेश्वरैया मोती बाग, भीकाजीकाम प्लेस, सरोजिनी नगर, आईएनए, साउथ एक्सटेंशन और लाजपत नगर कुल छह स्टेशन हैं। इस सेक्शन की लंबाई 8.1 किमी है।
यहां के यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा
इस सेक्शन के खुलने से मायापुरी, नारायणा और दिल्ली कैंट की ओर की आबादी को लाजपत नगर पहुंचने में सबसे ज्यादा सहूलियत होगी। अब तक यहां के यात्रियों को ब्लू लाइन पर राजौरी गार्डन के रास्ते राजीव चौक होते हुए मंडी हाउस से वायलेट बदलकर कई किमी का लंबा चक्कर काटकर लाजपत नगर तक पहुंचना पड़ता था।
शिव विहार-आईपी एक्सटेंशन के बीच ट्रायल रन
पिंक लाइन के आखिरी हिस्से पर शिव विहार से आईपी एक्सटेंशन तक ट्रायल जारी है। ट्रायल रन जल्द ही त्रिलोकपुरी तक बढ़ाया जाएगा। खास बात यह है कि पिंक लाइन का दूसरा सेक्शन दुर्गाबाई देशमुख-लाजपत नगर जुलाई में खुलने वाला है। उसके बाद अगस्त में यमुनापार के लोगों को भी पिंक लाइन पर शिव विहार से त्रिलोकपुरी तक मेट्रो सेवा मिलने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर, लाजपत नगर से मयूर विहार पॉकेट-1 सेक्शन पर सितंबर तक मेट्रो दौड़ने की संभावना है। हालांकि त्रिलोकपुरी से मयूर विहार पॉकेट-1 के हिस्से को जोड़ने का काम, जमीन न मिलने के कारण अधूरा है।