महिला सुरक्षा के लिए बनाए सामान का ऐसा इस्तेमाल!
महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए पेप्पर (लाल मिर्च पाउडर) स्प्रे को बदमाश लूटपाट में इस्तेमाल कर रहे हैं। बृहस्पतिवार की सुबह सैर कर वापस घर लौट रहे एक व्यक्ति को हथियारबंद बदमाशों ने मिर्ची स्प्रे का इस्तेमाल कर लूट लिया और फरार हो गए।
सुरेश यादव पल्ला पावर हाउस के पास परिवार के साथ रहते हैं। बृहस्पतिवार तड़के वह स्वास्थ्य लाभ के लिए सैर को निकले थे। करीब पौने छह बजे घर वापस लौट रहे थे।
एसएसएम स्कूल के पास सड़क पर खड़ी होडा सिटी कार के पास पहुंचे थे कि उसमें से तमंचा लिये हुए एक युवक उतरा और उन्हें रोक लिया।
मिर्च पाउडर के बल पर की लूट
वह कुछ समझ पाते बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा अड़ाकर शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। बदमाश ने पहले उनकी आंख में मिर्ची वाला स्प्रे छिड़क दिया।
जलन से परेशान सुरेश अपनी आंखें मलने लगे। इस दौरान बदमाश उनके गले की चेन लूट कार में बैठ कर फरार हो गए। एसएचओ सूरजकुंड नरेंद्र ने बताया कि कार की पहचान कर ली गई है जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मालूम हो कि 25 अप्रैल को बाइक सवार बदमाशों ने पाली रोड पर जावेद नाम के व्यक्ति की आंख में मिर्ची झोंक कर 70,000 रुपये लूट लिये थे। पुलिस लूट के आरोपी की अभी तक पहचान नहीं कर सकी है।