तिरंगे का अपमान: एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय ध्वज बिछाकर नमाज पढ़ रहा था यात्री, सीआईएसएफ ने किया पुलिस के हवाले
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर उसी दिन रिहा कर दिया गया। उसे निर्देश दिया गया है कि छानबीन के दौरान उसे जब भी बुलाया जाएगा उसे आना होगा। ऐसा नहीं करने पर उसे दोबारा गिरफ्तार किया जा सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। एक यात्री को तिरंगा को बिछाकर नमाज पढ़ते देख केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने उसे हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुबई से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे यात्री के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज का अपमान का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला आठ मई का है। मूलत: असम निवासी मोहम्मद तारिक अजीज 8 मई को दुबई से दिल्ली हवाई अड्डा पहुंचा था। उसे दिल्ली हवाई अड्डा से फ्लाईट से दीमापुर जाना था।
शाम करीब पांच बजे बोर्डिंग गेट एक व तीन के सामने वह राष्ट्रीय ध्वज बिछाकर नमाज पढ़ने लगा। सीसीटीवी पर निगरानी कर रहे सीआईएसएफ कर्मियों को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी। जवानों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं देने पर यात्री को सीआईएसएफ के जवानों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने यात्री का पासपोर्ट, बोर्डिंग पास की फोटो कॉपी को जब्त कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से तिरंगा भी अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हवाई अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने के बाद यात्री के खिलाफ इंसल्ट ऑफ नेशनल ऑनर एक्ट 1971 के तहत मामला दर्ज कर लिया।