मां-बाप ने बयां किया दर्द, डांस के जुनून ने ही मार डाला बेटा
उसकी डांस में बेहद रूचि थी, जिसने उसकी जान ले ली, ये बात स्वप्निश के पिता ने कही, जिसे एक किशोर ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर किडनैप किया और फिर मार दिया। ये दोनों स्वप्निश के कोच थे।
स्वप्निश ने जून में अपने दोस्तों के साथ बदरपुर डांस एकेडमी ज्वाइन की थी। बच्चे के पिता राजेश कहते हैं कि वो 15 दिनों से लगातार प्रैक्टिस कर रहा था, जबकि उसकी डांस एकेडमी बंद थी। वो उन दोनो कोच के संपर्क में आया। 17 साल का एक लड़का और एक लड़की दोनो इस वक्त स्वप्निश की हत्या के मामले में आरोपी हैं।
स्वप्निश के पिता कहते हैं कि जब वो घर पर प्रैक्टिस करता था तो मैने कहा था कि इससे कुछ होने वाला नहीं है। हम चाहते थे कि वो हाईस्कूल करे और फिर उसके बाद अपनी आगे की पढ़ाई के साथ-साथ एक नौकरी शुरू कर दे।
मां-बाप ने बयां किया दर्द
आरोपियों ने 13 साल के उनके बच्चे का 15 सितम्बर को अपहरण किया और उसे उत्तराखंड ले गए। फिर रानीखेत में पहाड़ी पर ले जाकर उसका स्कूल की बैल्ट से गला घोंटा और फिर वहां से धक्का दे दिया।
अबतक की जांच में पता चला है कि दोनों का सपना डांस इंडिया डांस में जीतना था। किशोर एक बार शो से बाहर हो चुका था। प्रोग्राम में दोबारा एंट्री के लिए उसे 60000 रूपयों की जरूरत थी। जिस वजह से लड़के ने गर्लफ्रेंड की मदद से पूरी घटना की साजिश रची।
बच्चे के पिता राजेश कहते हैं कि 15 तारीख को वो हर रोज की तरह स्कूल गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। हम लोगों ने उसे खोजा तो पता चला कि उसे आखिरी बार उसके दोनों डांस कोच के साथ देखा गया था।
19 सितंबर के लिए आया था फिरौती के लिए फोन
स्वप्निश की मां मधु कहती हैं कि जब उन दोनों से अपने बच्चे के बार में पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है। 19 सितंबर को दिन में ढाई बजे के लगभग 60000 की फिरौती के लिए फोन आया।
मधू आगे कहती हैं कि हम उससे पहले ही बदरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा चुके थे और हमने पुलिस को उस फोन कॉल के बारे में जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक उन दोनों ने पहले बच्चे की हत्या की और फिर उसके बाद उसके परिवार से फिरौती की रकम मांगी।
आरोपी लड़की की मां बोलीं, बेटी डांस के लिए करने लगी थी चोरी
वहीं फरीदाबाद की रहने वाली आरोपी लड़की की मां कहती हैं कि जब उनके पास पुलिस का फोन आया तो उन्हें लगा कि उनकी बेटी बिना पैसों के फरीदाबाद से उत्तराखंड डांस शो में हिस्सा लेने गई है। उसके पास पैसे नहीं होंगे तो पुलिस ने उसे बिना टिकट पकड़ा होगा।
आरोपी लड़की की मां कहती हैं कि उनकी बेटी पढ़ने में अच्छी थी पर वो अपने डांस को ही आगे जारी रखना चाहती थीं। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर तीन डांस कोचिंग शुरू कीं, लेकिन तीनों ही फेल हो गईं।
जिसमें उसने अच्छा खासा पैसा बर्बाद कर दिया। इसके बाद उसने हमसे झूठ बोलना शुरू कर दिया। पैसों के लिए वो घर से चोरी करने लगी थी, घर की चीजें बेंच देती थी।
500 रुपए के लिए मना किया तो की थी आत्महत्या की कोशिश
एक बार उसने हमसे कहा कि वो फैशन डिजाइनिंग के कोर्स में दाखिला लेने जा रही है। लेकिन जब हमने उसे कोर्स के लिए फीस दी तो उसने उसे भी अपने डांस के जुनून में खत्म कर दिया।
एक बार जब हमने उसे 500 रुपए देने से मना किया तो उसने खुद को खत्म करने की कोशिश भी की। हम उसे रोकने की बहुत कोशिश कर रहे थे, लेकिन वो मानने के लिए तैयार ही नहीं थी।
हमें लगा कि ये हमारा बुरा वक्त चल रहा है जो यूं ही बीत जाएगा, लेकिन अब उनकी लड़की इस बड़ी मुसीबत में फंस गई।