डेढ़ घंटे में 6 हत्याएं करने के बाद साइको किलर का हुआ था ब्रेन हैमरेज, अब आया ICU से बाहर
पलवल के एक अस्पताल में छह लोगों की हत्या करने के आरोपी नरेश धनखड़ की हालत में शुक्रवार को सुधार दिखा। डॉक्टरों ने उसे आईसीयू से निकालकर सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया है।
सफदरजंग अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को न्यूरो सर्जरी विभाग की टीम ने नरेश धनखड़ की चिकित्सीय जांच की। इसमें उसकी हालत में काफी हद तक सुधार देखने को मिले हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि जांच के बाद नरेश को आईसीयू से हटाने और वार्ड 16 में शिफ्ट करने का फैसला लिया गया था। हालांकि सूत्रों की मानें तो पुलिस भी नरेश के आईसीयू से बाहर आने का इंतजार कर रही थी।
एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि नरेश से एकदम पुलिसिया पूछताछ उचित नहीं है। उसे थोड़ा और वक्त देना चाहिए। हालांकि डॉक्टर ने नरेश की मानसिक जांच की बात भी कही है।
दिमाग में नस फट गई थी
बता दें कि पलवल के एक अस्पताल में छह हत्याओं के आरोपी नरेश धनखड़ के दिमाग में नस फट गई थी। वह बेहोशी की हालत में पुलिस को मिला था। पुलिस ने उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां इमरजेंसी वार्ड में उसका ऑपरेशन किया गया। मंगलवार रात में ऑपरेशन के बाद से नरेश आईसीयू में था। गुरुवार को नरेश ने आंख खोली तो रुटीन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे थोड़ी डाइट देना भी शुरू किया।
इसके बाद शुक्रवार को उसे सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अभी कुछ और दिन नरेश भर्ती रह सकता है। अस्पताल ने इस पर कुछ भी जानकारी देने से फिलहाल इंकार कर दिया है।