स्टेशन से गायब हुई एक और 'जाह्नवी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के इंडिया गेट से लापता हुई जाह्नवी भले ही मिल गई हो, लेकिन गाजियाबाद से एक जून को रेलवे स्टेशन से लापता हुई 11 साल की सीमा को जीआरपी तलाश नहीं पाई है।
जीआरपी अधिकारियों ने अब सीमा की तलाश के लिए फिर प्रयास किए हैं और चार टीमों का गठन किया गया है। रेलवे पुलिस ने सोशल मीडिया और पोस्टर के माध्यम से बच्ची की तलाश करने में आम लोगों से भी मदद मांगी है।
विजय नगर क्षेत्र के अंबेडकर नगर निवासी 11 वर्षीय सीमा एक जून को गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 से लापता हो गयी थी।
पैसेंजर ट्रेन में किसके साथ थी वो?
इंस्पेक्टर जीआरपी विनोद कुमार सिरोही के मुताबिक उसी दिन लोगों ने उसे दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन से मेरठ जा रहे एक परिवार के साथ जाते देखा था। तभी से इसका सुराग नहीं लग सका है।
एसएसआई जीआरपी पंकज लवानिया ने बताया कि तलाश के लिए चार टीमों का गठन कर मेरठ, लोनी, नोएडा और सहारनपुर रवाना कर दिया है। सोशल मीडिया वाट्स ऐप, फेसबुक के माध्यम से भी लोगों से मदद ली जा रही है। आसपास के रेलवे स्टेशनों पर पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।
बता दें कि, 28 सितंबर को दिल्ली के इंडिया गेट इलाके से 3 साल की बच्ची जाह्नवी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस उसे ढूंढ़ नहीं पाई, हालांकि करीब एक हफ्ते बाद अपहरण करने वाले दंपति ने बच्ची को जनकपुरी इलाके के एक पार्क में छोड़ दिया था।
नोएडा: अभिनव की खेज में जुटीं 12 टीमें
यही नहीं, 26 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-57 बिशनपुरा से गायब हुए अभिनव को वापस लाने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने अभियान चला दिया है।
वहीं, शहर के सामाजिक संगठन भी इस मुहिम में जुट गए हैं। फेसबुक से लेकर वाट्स ऐप, ट्विटर जैसी सोशल साइटस पर अभिनव को खोजने की मुहिम आगे बढ़ रही है।
एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि डेढ़ साल के अभिनव को लाने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस की ओर से 12 टीमें गठित की गई हैं। इनमें सामाजिक संगठनों की टीमें भी जुटी हुई हैं।
उनका कहना है कि अभिनव और उस जैसे बहुत सारे गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए नौ जिलों दिल्ली, फरीदाबाद, गुड़गांव, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर आदि में टीमें भेजी जा रही हैं। शहर में भी पुलिस बच्चे की तलाश कर रही हैं।