{"_id":"5c7d3dc7bdec222c2c54ddf2","slug":"on-the-name-of-army-recruitment-sixty-people-thug-by-two-man-in-new-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, गोरखधंधे का हुआ खुलासा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, गोरखधंधे का हुआ खुलासा
Mon, 04 Mar 2019 08:31 PM IST
राजेश सैनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: राजेश सैनी
Updated Mon, 04 Mar 2019 08:31 PM IST
विज्ञापन
भारतीय सेना (सांकेतिक तस्वीर)
मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में सेना में भर्ती के नाम पर 60 युवकों से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुख्य आरोपी ने खुद को सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल बताकर पीड़ितों को ठगा। इस गोरखधंधे का खुलासा तब हुआ, जब ठगी के शिकार एक युवक ने नबी करीम थाने में रविवार को शिकायत दी। छानबीन के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पहाड़गंज के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मुख्य आरोपी प्रभात राज (23) व साथी नंदन सिंह (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी आईकार्ड, नियुक्ति पत्र और वर्दी बरामद की है। पुलिस ने इनके खातों को सील करने और खातों की जानकारी जुटाने के लिए बैंकों को पत्र लिखा है।
विज्ञापन
मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोनीपत निवासी संतोष प्रसाद ने रविवार को सेना में भर्ती के नाम पर ठगी की शिकायत दी थी। संतोष ने बताया कि कुछ समय पहले धीरज व पप्पू नामक युवकों के माध्यम से वह प्रभात राज के संपर्क में आया। धीरज व पप्पू ने बताया कि प्रभात उनकी सेना में कोटे से नौकरी लगवा रहा है। प्रभात ने खुद को लेफ्टिनेंट कर्नल बताते हुए संतोष से कहा कि वह उसके भाई शत्रुघ्न की भी नौकरी लगवा देगा। प्रभात ने संतोष से भाई की नौकरी लगवाने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की। संतोष ने रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दिए। इसके बाद प्रभात ने नियुक्ति पत्र ई-मेल कर मेडिकल के नाम पर और रुपयों की मांग की।
विज्ञापन
13 और 16 फरवरी को 30 हजार रुपये और संतोष ने ऑनलाइन प्रभात के खाते में ट्रांसफर कर दिए। मेडिकल के लिए शत्रुघ्न को दिल्ली कैंट इलाके में बुलाया। वहां एक गाड़ी में प्रभात ने कर्नल की जैकेट पहनी थी, एक अन्य युवक नंदन सेना की वर्दी में था। प्रभात ने संतोष को बताया कि उसके भाई की नौकरी लग गई है, मेडिकल में उसे कुछ समय लगेगा। प्रभात ने संतोष से करीब 1.55 लाख रुपये की और मांग की। संतोष ने रुपयों का इंतजाम कर उसे दे दिए। प्रभात ने बताया कि उसकी ट्रेनिंग कुछ दिन में शुरू हो जाएगी। इधर, संतोष को कुछ शक हुआ तो उसने धीरज व पप्पू से संपर्क किया, तो पता चला कि उनके साथ भी आरोपी ने ठगी की है। संतोष ने मामले की सूचना नबी करीम थाना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ में पता चला कि इन लोगों ने अब तक 60 युवकों से करोड़ों रुपये की रकम ठग ली है।
विज्ञापन
