कोचिंग सेंटरों तक पहुंचेगी डिग्री की जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को फर्जी बीएससी और लॉ डिग्री के मामले में पुलिस को दिल्ली के एक प्राइवेट कोचिंग सेंटर पर शक है। पुलिस की टीम दिल्ली स्थित कई कोचिंग सेंटरों की जांच कर रही है।
जांच में यह बात सामने आई है कि कोचिंग सेंटर चलाने वाली एक महिला से जितेंद्र तोमर की जान पहचान है। तोमर के फर्जी डिग्री मामले के खुलासे के बाद से महिला गायब है।
पुलिस के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को पुलिस तोमर को दिल्ली के कुछ कोचिंग सेंटरों पर जांच के लिए ले जाएगी। साथ ही जिन शैक्षणिक संस्थानों में तोमर ने दाखिला लिया था।
वहां भी जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रविवार होने की वजह से शैक्षणिक संस्थान बंद रहते हैं, जिसकी वजह से रविवार को तोमर को कहीं नहीं ले जाया गया।
महिला कागजात के एवज में वसूलती है मोटी रकम
जांच में पता चला है कि तोमर रोहिणी स्थित एक कोचिंग सेंटर पर लगातार जाता था। साथ ही वह कई लोगों को इस सेंटर पर ले जाकर उन्हें कोचिंग सेंटर की मालकिन से मिलवाया था।
महिला लोगों को संबंधित कागजात मुहैया करवाने के एवज में अच्छी खासी रकम वसूलती थी। सूत्रों का कहना है कि 40 वर्षीय इस महिला का रोहिणी के अलावा अशोक विहार और करोलबाग में कोचिंग सेंटर है।
पुलिस की एक टीम ने शनिवार को करोलबाग स्थित कोचिंग सेंटर पर जाकर जांच पड़ताल की थी। तोमर की दो दिन की रिमांड सोमवार को खत्म हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदालत से तोमर की और रिमांड की मांग की जाएगी।