फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   Youth collapses in swimming pool during birthday party, dies.

Noida News: जन्मदिन पार्टी के दौरान स्वीमिंग पूल में बेहोश हुआ युवक, मौत

Mon, 06 Jul 2026 08:26 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Mon, 06 Jul 2026 08:26 PM IST
विज्ञापन
Youth collapses in swimming pool during birthday party, dies.
- यमुना खादर के फार्म हाउस में हुई घटना, विसरा जांच के लिए सुरक्षित, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की कर रही जांच
विज्ञापन

माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-135 स्थित यमुना खादर क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित जन्मदिन पार्टी में स्विमिंग पूल में उतरा युवक अचानक बेहोश हो गया। रविवार रात मणिपुर के तमेंगलांग निवासी सनवऊ डामया (26) को दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस फिलहाल घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है।
एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि निजी कंपनी में काम करने वाले मणिपुर निवासी सनवऊ डामया नोएडा के वाजिदपुर गांव में किराए पर रहते थे। शनिवार रात सेक्टर-135 स्थित यमुना किनारे बने फार्म हाउस में आयोजित जन्मदिन पार्टी में दोस्तों संग शामिल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि केक काटने और खाने के बाद कुछ युवक स्विमिंग पूल में उतर गए। इसी दौरान सनवऊ की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही क्षणों में वह पानी के भीतर बेहोश हो गए। साथ मौजूद लोगों ने तुरंत निजी वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एक्सप्रेसवे थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन

सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखकर प्रयोगशाला भेजने का निर्णय लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवक की मौत हार्ट अटैक या किसी चिकित्सकीय समस्या या अन्य कारण से हुई। जांच के दौरान पुलिस पार्टी में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही फार्म हाउस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पूल के पास लाइफगार्ड, प्राथमिक उपचार और अन्य सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस से शिकायत नहीं, बहन पहुंची अस्पताल
युवक के परिजन दिल्ली और मणिपुर में रहते हैं। सूचना मिलने पर उसकी बहन अस्पताल पहुंची। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी प्रकार की शिकायत नहीं दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही या किसी अन्य प्रकार की जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डूब क्षेत्र के फार्म हाउस पर लगातार उठते हैं सवाल
यमुना खादर क्षेत्र में संचालित फार्म हाउसों में लगातार होने वाली पार्टियों के बीच यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्विमिंग पूल का उपयोग करने वाले लोगों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति को हृदय रोग, उच्च रक्तचाप या अन्य गंभीर बीमारी हो तो बिना चिकित्सकीय सलाह के गहरे पानी में नहीं उतरना चाहिए। वहीं आयोजकों के लिए प्रशिक्षित लाइफगार्ड, प्राथमिक उपचार किट और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।


सुरक्षा मानकों का पालन नहीं
सेक्टर-127, 128, 129, 130, 135 से लेकर 150 तक यमुना डूब क्षेत्र में 500 से अधिक संख्या में फार्म हाउस संचालित हो रहे हैं। यहां नियमित रूप से पूल पार्टी, जन्मदिन समारोह और निजी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं होता। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जिस फार्म हाउस में घटना हुई, उसके पास आवश्यक अनुमति और सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं। घटना के बाद फार्महाउस के संचालक का मोबाइल फोन बंद है। जांच टीम अब बुकिंग कराने वाले व्यक्ति, आयोजन से जुड़े लोगों और फार्म हाउस प्रबंधन की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
28 मई 2023: सेक्टर-135 के फार्म हाउस में स्वीमिंग पूल में नहाने के दौरान युवक की मौत।
18 जून 2023: सेक्टर-128 स्थित फार्म हाउस में नहाते समय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जान गई।
14 जुलाई 2024: सेक्टर-129 के फार्म हाउस में स्विमिंग पूल हादसे में एक युवक की मौत।
9 सितंबर 2025: सेक्टर-130 क्षेत्र के फार्म हाउस में पूल में गिरने से युवक की जान चली गई।

पुलिस इन बिंदुओं पर कर रही है जांच
- क्या फार्म हाउस संचालन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी?
- स्विमिंग पूल के पास लाइफगार्ड और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था थी या नहीं?
- घटना के समय मौजूद लोगों के बयान और सीसीटीवी फुटेज में क्या सामने आ रहा है?
- युवक की मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा फॉरेंसिक जांच के बाद होगा।
- यदि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के प्रमाण मिले तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed