दादरी। कोतवाली पुलिस ने एक महिला को पति की हत्या के केस में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने प्रेमी से पति की हत्या करवाई थी। पुलिस ने प्रेमी को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव रूपवास में पवन कुमार, परिवार के साथ रहता था। वह अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी पूजा के साथ मारपीट करता था। मारपीट से परेशान पूजा का प्रेम-प्रसंग गांव के ही यत्ते उर्फ यतेन्द्र सिंह से चल गया। यतेन्द्र गांव में परचून की दुकान चलाता है। वह पूजा के घर आता-जाता था और अपनी दुकान से घरेलू सामान भी देता रहता था। करीब दो माह पूर्व यतेन्द्र ने पूजा को मोबाइल फोन दिया। जिससे दोनों की बातें होने लगी। प्रेम-प्रसंग में बाधा बनने पर पूजा ने एक माह पूर्व यतेन्द्र को पति की हत्या करने के लिए तैयार किया। 20 मई को यतेन्द्र ने पवन को व्हाट्सएप पर कॉल कर नवीन मंडी के पास जंगल में बुलाया। दोनों ने वहां शराब पी। आरोप है कि यतेन्द्र ने पवन को अधिक शराब पीला दी। उसके बाद लोहे के तार से गला दबाकर पवन की हत्या कर दी। इसके बाद यतेन्द्र ने पूजा को इस बात की जानकारी दी और फरार हो गया। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। यतेन्द्र और पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी का कहना है कि दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।