मंदिर की घंटी बजानी होगी धीरे: सोसाइटी के लोगों को तेज आवाज से परेशानी, UPPCB ने शिकायत पर नोटिस जारी किया
यूपीपीसीबी के नोटिस से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों में रोष है। स्थानीय निवासी ने शिकायत की थी। नोटिस पर एओए ने धीरे बजाने की अपील की है।
विस्तार
ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी के निवासियों को मंदिर की घंटी धीमी आवाज में बजानी होगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) ले ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) को नोटिस जारी किया है। मंदिर की घंटी की तेज आवाज से कुछ निवासियों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने इसकी शिकायत यूपीपीसीबी से की। वहीं नोटिस के बाद एओए ने निवासियों से घंटी धीमी बजाने की अपील की हैं।
गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी के टावरों के बीच कॉमन एरिया में मंदिर बना हुआ है। जहां रोजाना सोसाइटी के निवासी पूजा करने जाते है। मंदिर में एक घंटी लगी है। पूजा के समय लोग घंटी बजाते है, लेकिन घंटी की तेज आवाज से सोसाइटी के कुछ निवासियों को परेशानी हो रही हैं। करीब एक माह पहले उन्होंने इसकी शिकायत यूपीपीसीबी से की।
शिकायत पर यूपीपीसीबी ने जांच कराई तो घंटी की आवाज मानकों से अधिक मिली। आवाज 55 डेसिबल से अधिक थी। यूपीपीसीबी के अफसरों ने बताया कि कई बार निगरानी करने के बाद एओए को नोटिस जारी कर आवाज कम करने का आग्रह किया गया है। घंटी की आवाज 55 डेसिबल से कम होनी चाहिए। वहीं सोसाइटी की एओए के पदाधिकारियों का कहना है कि यूपीपीसीबी के पत्र के बाद सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप व बोर्ड पर एक सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है। निवासियों ने मंदिर में पूजा के दौरान घंटी को धीमी आवाज पर बजाने की अपील की हैं।
यूपीपीसीबी के नोटिस से ग्रेनो वेस्ट के लोगों में रोष
यूपीपीसीबी का नोटिस बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल रहा। जिस पर लोग काफी नाराजगी जाहिर कर रहे है। लोगों का कहना है कि यूपीपीसीबी प्रदूषण पर नियंत्रण करने में नाकाम साबित हो रहा है। प्रदूषण की जगह मंदिर की घंटी पर नोटिस जारी कर रहा है। जो गलत हैं। मंदिर की घंटी से ध्वनि प्रदूषण नहीं होता है। वहीं सोसाइटी के निवासियों में भी काफी रोष हैं। निवासियों ने कार्रवाई वापस लेने की मांग की हैं।
गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी के कुछ निवासियों ने मंदिर की घंटी की तेज आवाज की शिकायत की थी। शिकायत पर जांच की तो घंटी की आवाज मानकों से अधिक मिली। जिस पर एओए को ध्वनि प्रदूषण के मानकों का पालन करने का नोटिस जारी किया गया है। ताकि निवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।- डीके गुप्ता, क्षेत्रीय अधिकारी ग्रेटर नोएडा, यूपीपीसीबी