फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP Block pramukh chunav nomination live updates tussle between bjp and sp stone pelting lathi charge even police targeted all updates

यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021: कई जिलों में भिड़े सपा-भाजपा कार्यकर्ता, पथराव और फायरिंग की घटनाएं, पुलिस को भी नहीं बख्शा

Thu, 08 Jul 2021 07:41 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा Published by: पूजा त्रिपाठी Updated Thu, 08 Jul 2021 07:41 PM IST
सार

यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021:आज उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन चल रहा है। हालांकि सबकुछ शांतिपूर्ण होने के बजाय लोगों ने सड़क पर जमकर हल्ला काटा। कई जगह तो पुलिस आम इंसानों की तहर खड़े होकर तमाशबीन बनी रही। कई जिलों में पुलिस से धक्का-मुक्की की भी खबर आ रही है। यूपी के कन्नौज, इटावा, बांदा, फर्रुखाबाद, जालौन, हमीरपुर, उन्नाव आदि जगहों से हंगामे की खबर आ रही है।

विज्ञापन
UP Block pramukh chunav nomination live updates tussle between bjp and sp stone pelting lathi charge even police targeted all updates
ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021: मौके पर पहुंची पुलिस - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तर प्रदेश में आज यानी गुरुवार को 825 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन किए जा रहे हैं। जिला पंचायत चुनाव के दौरान हुई छिटपुट घटनाओं के बाद एक बार फिर से ब्लाॅक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान गुरुवार को यूपी के कई जिलों में भाजपा और सपा के कार्यकर्ताओं में बवाल हो गया। हालात ऐसे हो गए कि कहीं ईंट और पत्थर चले तो कहीं पुलिस को स्थिति संभालने के लिए लाठियां चटकानी पड़ीं। भाजपा और सपा के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने जमकर हंगामा काटा। कई जगह हुई मारपीट में लोग घायल भी हुए। लोगों ने सड़क पर जमकर हल्ला काटा। कई जगह तो पुलिस आम इंसानों की तहर खड़े होकर तमाशबीन बनी रही। कई जिलों में पुलिस से धक्का-मुक्की की भी खबर आ रही है। यूपी के कन्नौज, इटावा, बांदा, फर्रुखाबाद, जालौन, हमीरपुर, उन्नाव आदि जगहों से हंगामे की खबर आ रही है।

विज्ञापन


सीतापुरः
सीतापुर जिले के थाना कमलापुर इलाके में गुरुवार को कसमंडा ब्लॉक में नामांकन के दौरान जमकर बवाल हो गया। नामांकन करने जा रही भाजपा से बागी उम्मीदवार को रोकने को लेकर हुए बवाल के दौरान हथगोले चले और कई राउंड फायरिंग भी हुई। घटना के बाद भगदड़ मच गई। पुलिस ने लोगों पर लाठियां भांजी। घटना के बाद तनाव है। फिलहाल पुलिस पूरे हालात को काबू में करने का दावा कर रही है। घटना में तीन लोग घायल हो गए।
विज्ञापन


उन्नाव:
उन्नाव जिले में ब्लॉक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान नवाबगंज और असोहा में बवाल हो गया। नवाबगंज में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थकों ने निर्दलीय उम्मीदवार का पर्चा फाड़ दिया। इस पर पुलिस ने लाठियां पटक कर समर्थकों को खदेड़ा। सूचना मिलने पर डीएम और एसपी भी पहुंचे। उन्होंने पर्चा फाड़ने वालों पर कार्रवाई करने की बात कही। वहीं असोहा में सपा समर्थित प्रत्याशी को नामांकन कराने से रोका गया। जिस पर एमएलसी सुनील साजन समेत अन्य सपा पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और इसका विरोध जताया।
विज्ञापन
विज्ञापन


कन्नौज:
कन्नौज जिले के ब्लॉक तालग्राम में सपा और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों में नामांकन करने को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव हो गया। पुलिस ने लाठियां भांज कर लोगों को खदेड़ा।






फर्रुखाबाद:
फर्रुखाबाद में राजेपुर ब्लॉक प्रमुख के नामांकन करने आए भाजपा प्रत्याशी पल्लव सिंह सोमवंशी के काफिले को राजेपुर तिराहे पर बैरियर पर लगे पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। सबसे आगे विधायक सुशील शाक्य की गाड़ी निकाली गई। फिर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह की गाड़ी भी निकल गई थी। प्रत्याशी की गाड़ी रोके जाने की जानकारी पर पूर्व जिला अध्यक्ष वापस आए और बैरियर पर तैनात दरोगा से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भिड़ गए। स्वयं बैरिकेडिंग हटा दी जिससे लगभग दो दर्जन गाड़ियां अंदर चली गईं। पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

इटावाः
इटावा के चकरनगर में ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान सपा प्रत्याशी सुनीता देवी के पति शिव किशोर यादव ने फायरिंग की। जिससे भाजपा प्रत्याशी राधा देवी के पति राकेश यादव घायल हो गए। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। नामांकन स्थल पर एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह मौजूद हैं।

चित्रकूटः
चित्रकूट जिले के सभी 5 ब्लॉकों में नामांकन जारी है। मानिकपुर में सपाइयों ने भाजपाइयों पर आरोप लगाया कि उनके प्रत्याशी और समर्थकों को नामांकन करने से रोका जा रहा है। समर्थकों ने पहले सड़क पर जाम लगाया और अब नामांकन कक्ष के अंदर भी लोगों को नहीं घुसने दिया जा रहा है।

बांदाः
बांदा के नरैनी ब्लॉक कार्यालय में नामांकन को आए सपा प्रत्याशी के समर्थकों को पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद यहां विवाद शुरू हो गया। 

जालौनः
जालौन जिले के माधोगढ़ ब्लॉक में पुलिस से भाजपाइयों की झड़प हो गई। भाजपाइयों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

एटा:
एटा जिले के मारहरा ब्लॉक में नामांकन के दौरान गुरुवार दोपहर को बवाल हो गया। नामांकन पत्र जमा करने आई समाजवादी पार्टी (सपा) से प्रत्याशी गुड्डी देवी के हाथों से नामांकन पत्र छीन लिया गया। पुलिस ने अराजक तत्वों को रोकने की कोशिश की तो पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद आधे घंटे तक ब्लॉक में अफरातफरी का माहौल बना रहा। जान बचाने के लिए अफसर और कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर छिप गए। मुश्किल से भीड़ पर नियंत्रण पाया जा सका। सपा ने भाजपा पर पर्चा छीनने और उपद्रव करने का आरोप लगाया है।

मैनपुरी:
मैनपुरी जिले के विकास खंड जागीर में नामांकन के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। भाजपा समर्थकों ने सपा विधायक बृजेश कठेरिया की गाड़ी को घेर लिया। सपा नेता की एक गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। सूचना मिलने के बाद डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी अशोक कुमार राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही आरोपी भाग गए। 

बागपतः
बागपत जनपद में छपरौली ब्लॉक पद के लिए राष्ट्रीय लोकदल की उम्मीदवार अंशु ने नामांकन किया। अंशु इससे पहले भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं। पुलिस पर नामांकन करने से रोकने के प्रयास का आरोप लगाते हुए रालोद कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने जमकर हंगामा किया। पुलिस से उनकी जमकर नोकझोंक भी हुई।

बिजनौरः
बिजनौर के धामपुर में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. कुसुम रघुवंशी और उनके समर्थकों को सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर के बाहर रोक लिया। बताया गया कि निर्दलीय प्रत्याशी कुसुम व समर्थकों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान प्रत्याशी डॉ. कुसुम ने महिला समर्थकों के साथ बैंक में घुसकर जान बचाई। उनको काफी चोट आई हैं। इसके बाद पुलिस और क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षा घेरे में लेकर उनका नामांकन कराया। वहीं अधिकारियों की मौजूदगी में एक युवक उनका नामांकन पत्र लेकर फरार हो गया। अब दूसरा नामांकन पत्र लेकर भरने की तैयारी चल रही है।

आजमगढ़ः
आजमगढ़ जिले के पवई ब्लॉक पर भाजपाइयों ने जमकर तांडव मचाया। दो बजे तक सपा प्रत्याशी को नामांकन नहीं दाखिल करने दिया। इतना ही नहीं भाजपा विधायक अरूणकांत यादव ने स्वयं लाठी से सपा प्रत्याशी पर हमला कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया। पुलिस ने लाठियां भांज कर भाजपाइयों को किसी तरह हटाया और सपा प्रत्याशी को अंदर पहुंचाया लेकिन प्रस्तावक के डर कर भाग जाने से दो बजे तक सपा प्रत्याशी का नामांकन नहीं हो सका था।

झांसी:
ब्लॉक प्रमुख पद की नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को सुबह 8 से लेकर दोपहर 3 बजे तक चली। इस दौरान बड़ागांव और चिरगांव ब्लॉक में जमकर हंगामा हुआ। इन ब्लॉकों में सपा और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ीं। इस बीच बंगरा और गुरसराय ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ। यहां केवल भाजपा प्रत्याशियों ने ही पर्चे दाखिल किए। जबकि, जिले के अन्य 6 ब्लॉकों में सपा और भाजपा आमने-सामने हैं।

संभलः
संभल में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन प्रक्रिया कहीं शांतिपूर्ण तरीके से की गई तो कहीं नोंकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं की अधिक भीड़ जमा होने पर पुलिस ने लाठी से दौड़ा दिया, जिसके कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की सख्ती दिखाने पर हालात सामान्य हो पाए। 

संतकबीर नगरः
बेलहर ब्लॉक में सपा के पूर्व मंत्री लक्ष्मी कांत उर्फ पप्पू निषाद के साथ प्रमुख प्रत्याशी रिकेश्वर राय जैसे ही गेट पर पहुंचे वैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ंत हो गई। इसी बीच पुलिस ने भी लाठियां भांजी। जिसमें पूर्व मंत्री और प्रत्याशी रिकेश्वर राय को चोटें आईं। दोनो पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। बड़ी मशक्कत के बाद प्रत्याशी रिकेश्वर राय पर्चा दाखिल करने अंदर जा पाए।

बहराइचः
बलहा ब्लॉक के प्रमुख प्रत्याशी के नामांकन में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद नामांकन स्थल विकासखंड बलहा में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र और पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह पहुंचे।

फतेहपुरः
फतेहपुर जिले में तेलियानी ब्लॉक के नामांकन में भाजपाइयों ने सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र छीना। भाजपाइयों ने प्रस्तावक और समर्थकों को पुलिस के सामने पीटा। सपाइयों की गाड़ी के शीशे भी तोड़े।

बस्ती:
दुबौलिया में नामांकन के दौरान हुए बवाल के बाद डीएम सौम्या अग्रवाल व एसपी आशीष श्रीवास्तव पहुंचे। काफी देर चले हंगामे के बाद सपा नेता तालेवन यादव की पत्नी गीता देवी ने किया नामांकन।

महराजगंजः
पनियरा में  भाजपा के उम्मीदवार वेद प्रकाश शुक्ला के खिलाफ अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। जिससे स्थिति स्पष्ट हो गई की भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश शुक्ला निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे।

सहारनपुरः
गंगोह ब्लॉक प्रमुख पद को लेकर सपा समर्थित प्रत्याशी बबली का नामांकन हुआ निरस्त। प्रत्याशी बबली मजिस्ट्रेट की कार के आगे लेट गई। वहीं सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन भी वहीं सड़क पर धरना देकर बैठ गए। पुलिस उन्हें समझाने में लगी है।

गाजियाबाद के चारों ब्लॉकों में हुआ नामांकन
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को चार ब्लॉकों में नामांकन किया गया। राजपुर ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी रेनू त्यागी ने नामांकन किया। जबकि उनके सामने नरेंद्र यादव ने पर्चा भरा, लेकिन प्रस्तावक और अनुमोदकों के हस्ताक्षर न होने से नामांकन रद्द कर दिया गया। ऐसे में रेनू त्यागी का ब्लॉक प्रमुख बनने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि अभी नाम वापसी के बाद ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी। भोजपुर ब्लॉक में भाजपा की सुचेता सिंह के सामने प्रियंका जाटव ने नामांकन किया। लोनी में भाजपा समर्थक वंदना व निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर रेनू कसाना ने पर्चा भरा है। मुरादनगर ब्लॉक में भी भाजपा प्रत्याशी राजीव त्यागी और निर्दलीय के रूप में साधना त्यागी ने नामांकन किया।

बुलंदशहर: 10 ब्लॉक में होगा चुनाव, छह पर निर्विरोध
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को 16 सीटों पर नामांकन किए गए। पहासू ब्लॉक से दिवारानी सिंह, ऊंचागांव ब्लॉक से माया शर्मा, खुर्जा ब्लॉक से मोनिका, लखावटी ब्लॉक से ईश्वर मावी, अनूपशहर ब्लॉक से अतुल कुमार और डिबाई ब्लॉक से रेखा ने नामांकन किया है। यहां पर इनके विपक्ष में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। इस कारण इनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। यह सभी छह उम्मीदवार भाजपा समर्थित हैं। वहीं, बुलंदशहर, अरनिया, बीबीनगर, शिकारपुर में तीन-तीन नामांकन हुए। सिकंदराबाद, स्याना, दानपुर, जहांगीराबाद, गुलावठी और अगौता में दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। ऊंचागांव और दानपुर ब्लॉक पर विपक्षी प्रत्याशियों ने नामांकन करने से रोकने का आरोप लगाया है, जिसके चलते वह नामांकन नहीं कर पाए। अब दोनों प्रत्याशी मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, शिकारपुर ब्लॉक में तीन नामांकन होने के बाद राज्यमंत्री अनिल शर्मा की प्रतिष्ठा दाव पर मानी जा रही है। शिकरपुर में सपा औैर रालोद की संयुक्त प्रत्याशी मोनिका सिंह मैदान में हैं।

हापुड़: तीन ब्लॉकों में निर्विरोध प्रमुख चुना जाना तय
जिले के चार ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुखों के लिए नामांकन हुआ। जिनमें से हापुड़, गढ़ और धौलाना ब्लॉक में भाजपा के तीन प्रत्याशियों के समक्ष किसी दूसरे प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। हापुड़ ब्लॉक से ममता, गढ़ से कृष्णा देवी और धौलाना से निशांत शिशौदिया का चुना जाना लगभग तय है। जबकि सिंभावली ब्लॉक से सपा की शिवानी यादव और भाजपा की चंचल रानी ने नामांकन किया। कल नाम वापसी का दिन है। इनमें से कोई प्रत्याशी नाम वापस नहीं लेता है तो जिले में केवल सिंभावली ब्लॉक सीट पर ही चुनाव होगा। जिले में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्वक निपट गई।

रायबरेली:
रायबरेली में नामांकन के बीच कहासुनी, हाथापाई और दबाव के बीच दाखिल हुए परचे। जिले के 18 ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए गुरुवार को गहमागहमी के बीच ब्लॉकों में नामांकन हुए।  पूर्व मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक डॉ.मनोज कुमार पांडेय धरने पर भी बैठ गए। हरचंदपुर में विवाद बढने पर पुलिस बुलानी पड़ी तो कई और ब्लॉकों में नामांकन रोकने के लिए प्रत्याशियों पर दबाव बनाया गया। दीनशाहगौरा ब्लॉक में भी विवाद होने पर धरने पर बैठे गए थे लोग।


अयोध्या:
अयोध्या के पंचायत मया नामांकन के दौरान भिड़े भाजपा व सपा कार्यकर्ता। दोनों ही कार्यकर्ताओं के बीच खूब  लात-घूंसे चले। पुलिस ने बल प्रयोग कर किसी तरह भीड़ किया तितर-बितर किया। उधर लखनऊ के माल ब्लॉक में भी नामांकन के दौरान बवाल की सूचना है।

अंबेडरकनगर:
अंबेडरकनगर में टांडा ब्लॉक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री लालजी वर्मा के हाथों से सुरजीत वर्मा का परचा छीन कर फाड़ दिया। पुलिस ने सबको खदेड़ दिया। उधर बहराइच के बलहा ब्लॉक में नामांकन के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए जिसमें कई चोटिल भी हो गए, पुलिस ने लाठियां भी भांजीं। यहीं के इकौना ब्लॉक में भी सपाइयों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया तो लाठीचार्ज किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed