लालच बुरी बला है: Youtube वीडियो लाइक करने का देते थे टास्क, पहले फायदा फिर कर गए मोटा हाथ सफा
नोएडा में एक महिला को नौकरी का झांसा देकर तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। वहीं दूसरी तरफ हेलीकाप्टर का सस्ता टिकट देने का लालच देकर शिकार बनाया है।
विस्तार
थाना एक्सप्रेस वे क्षेत्र के जेपी विशटाउन नोएडा निवासी महिला से साइबर ठगों ने ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर ठगी कर ली। वहीं दूसरा मामला हेलीकाप्टर की सस्ती टिकट का सांझा देकर ठगी की गई है। दोनों ही मामलों में पीड़ितों को ऑनलाइन शिकार बनाया गया है।
पहले दिया टास्क फिर उड़ाए तीन लाख
थाना एक्सप्रेस-वे के प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता सिमरन कौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, कि साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया तथा यू-ट्यूब पर वीडियो लाइक करने का टास्क देकर उन्हें शुरुआती दौर में फायदा पहुंचाया। बाद में धीरे-धीरे साइबर ठगों ने उनसे ज्यादा फायदा कमाने का लालच देकर तीन लाख से ज्यादा रुपये अपने खाते में डलवा लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति से उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब जाने के लिए हेलीकाप्टर का ऑनलाइन टिकट बुक करना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने उनसे 1.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित सौरव प्रताप सिंह ने मामले रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच की जा रही है।