24 घंटे में तीन चोर पकड़े: ग्रेनो में एमएसएमई केंद्र से 28 बैटरी चोरी, खिड़की तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
कासना के एमएसएमई केंद्र से खिड़की तोड़कर 28 बैटरीयां और मास्टर-की चोरी की गईं।इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी की गई सभी 28 बैटरीयां और मास्टर-की बरामद कर ली हैं।
विस्तार
कासना स्थित एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र के 3डी प्रिंटिंग रूम से 28 यूपीएस बैट्रियां और मशीन की लाइसेंस मास्टर-की चोरी करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गईं सभी 28 एमेरान क्वांटा बैट्रियां, मशीन की मास्टर-की (पेन ड्राइव), दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया था और चोरी के बाद बैटरियों को रिक्शे में लादकर एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा दिया था।
पुलिस के अनुसार एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र के उप महाप्रबंधक ने शनिवार को थाना कासना में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि संस्थान के 3डी प्रिंटिंग रूम से कई यूपीएस बैटरियां और 3डी प्रिंटिंग मशीन की लाइसेंस मास्टर-की चोरी हो गई हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटानी शुरू की।
पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों उस्मान अली, जौनी और इमान को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने खानपुर रोड स्थित एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद कमरे में रखी 28 बैटरियां और मशीन में लगी एक पेन ड्राइव चोरी कर ली। पेन ड्राइव में मशीन की लाइसेंस मास्टर-की थी। चोरी की बैटरियों को रिक्शे में लादकर एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा दिया था।
तीनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों में उस्मान अली (20) निवासी संभल, जौनी (22) निवासी मुजफ्फरनगर और इमान (22) निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई हैं। उस्मान अली के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और संभल के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, अवैध हथियार और धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कासना और बीटा-2 थाने में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं, जौनी के खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इमान के खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में चोरी और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है।