सीमा के पास मिले तीन आधार: नेपाल से भारत घुसने में सुरक्षाकर्मियों को उसने यही दिखाया, खुद को बताया था ठकुराइन
सीमा हैदर की प्यार की कहानी में अपराध की शुरुआत सीमा के चार बच्चों संग बिना वीजा के सरहद पार कर आने से होती है। पुलिस ने सीमा के पास से तीन आधार कार्ड बरामद करने का दावा किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरहद पार कर पाकिस्तान से चार बच्चों को लेकर रबूपुरा पहुंची सीमा हैदर के मामले की तह तक जाने के लिए जेवर पुलिस ने मंगलवार को सचिन मीणा के घर पहुंचकर एक घंटे तक पूछताछ की। पुलिस ने सीमा से सचिन से पहचान, दोस्ती और प्यार से लेकर नेपाल में मुलाकात और रबूपुरा आने तक सवाल पूछे। साथ ही पुलिस ने बरामद कागजात के संबंध में भी गहन पूछताछ की।
पुलिस सीमा से बरामद कागजात, मोबाइल, सिम कार्ड और तीन आधार कार्ड की जांच में उलझी है। दूसरे देश का मामला होने के कारण केंद्रीय एजेंसियों और इंटरपोल की मदद से जांच पूरी हो सकती है। इसके लिए स्थानीय पुलिस ने आलाधिकारियों को रिपोर्ट भी भेज दी है। चर्चा है कि शासन ने भी पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
सीमा हैदर की प्यार की कहानी में अपराध की शुरुआत सीमा के चार बच्चों संग बिना वीजा के सरहद पार कर आने से होती है। पुलिस ने सीमा के पास से तीन आधार कार्ड बरामद करने का दावा किया है। शुरुआत में खुफिया विभाग के एक सूत्र ने जानकारी दी थी कि आधार कार्ड एडिट कर फर्जी ढंग से बनाए गए हैं। इनमें सीमा ने खुद को सचिन की पत्नी और रबूपुरा निवासी बताया है। इसी तरह एक आधार कार्ड उसके बच्चे का भी है।
अगर सूत्र का दावा सही है तो इस केस में आईपीसी 420 और 467 की धारा लगनी चाहिए थी। ऐसा होता तो सात साल की सजा होने के कारण सीमा और सचिन को जमानत नहीं मिलती। दोनों को जमानत सात साल से कम सजा का अपराध होने के कारण ही मिली है। सीमा ने मीडिया में बयान दिया है कि आधार कार्ड पाकिस्तान के हैं। एक अधिकारी ने भी इन्हें पाकिस्तान का बताया, लेकिन सवाल यह उठता है कि आधार कार्ड पाकिस्तान के कैसे हो सकते हैं। अगर पाकिस्तान का पहचान पत्र है तो बरामदगी में एक अन्य दस्तावेज को एनआईसी दर्शाया गया है, जो पाकिस्तान का है।
आधार से ही सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने की आशंका
सीमा ने जानकारी दी है कि नेपाल के सुरक्षाकर्मी से उससे बस में अधिक पूछताछ नहीं की। भारत में वह साड़ी पहनकर आई थी, केवल एक सुरक्षाकर्मी ने उससे पूछताछ की। उसने अपने को भारतीय बताते हुए सचिन के घर का पता और खुद को ठकुराइन बताया था। आशंका है कि यहां एडिटेड आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया, लेकिन अभी पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इसकी जांच के लिए पुलिस उस बस के स्टाफ से पूछताछ कर सकती है, जिसमें सीमा चार बच्चों संग नेपाल से यमुना एक्सप्रेसवे के फलैदा कट तक पहुंची थी।
हथियारबंद बलोच डाकुओं की धमकी, सीमा बोली- हैदर के हैं रिश्तेदार
सोशल मीडिया पर आतंकियों जैसे दिखने वाले छह बदमाशों का धमकी देते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बलोच के डाकुओं का है। वीडियो में डाकू धमकी दे रहे हैं कि अगर सीमा हैदर को वापस पाकिस्तान नहीं भेजा गया तो वह इसका बदला पाकिस्तान में अन्य हिंदू लड़कियों से लेंगे। सीमा का कहना है कि डाकू उसके पूर्व पति गुलाम हैदर के रिश्तेदार हैं। हालांकि उसका कहना है कि वह कुछ घबराई हुई लेकिन इससे डरने वाली नहीं है। अगर मरना भी पड़ा तो वह भारत में ही मरने के लिए तैयार है, लेकिन पाकिस्तान नहीं जाएगी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद देश के लोग कथित बलोच डाकुओं को खूब खरीखोटी सुना रहे हैं और उनकी भाषा में ही जवाब दे रहे हैं।
मामला ट्विटर पर ट्रेंड, सचिन के घर भीड़ हो रही बेकाबू
सीमा हैदर हैश टैग से पूरा मामला ट्विटर पर तीन दिन से ट्रेंड कर रहा है। वहीं, सचिन के घर मीडियाकर्मी, यूट्यूबर, ब्लॉगर और लोगों की भीड़ बेकाबू हो रही है। कई बार सचिन के पिता व परिजन की लोगों से नोकझोंक भी हुई और इसका वीडियो सीमा हैदर के इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया गया है। इसके अलावा सीमा ने सचिन के साथ रील बनाकर और घर पर जमा मीडियाकर्मी की भीड़ का वीडियो भी शेयर किया है।