ग्रेटर नोएडा। प्रदेश की सत्ता से दूर जाने से विपक्षी पार्टियां परेशान हैं। जबकि, देश के विकास का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही होकर जाता है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी की वर्चुअल जनचौपाल में अल्फा-1 में पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान सांसद राधामोहन सिंह ने यह बात कही। जिले में जनचौपाल के दौरान पीएम को सुनने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया। पीएम के संबोधन को लोग ध्यान से सुनते रहे। वहीं, बीच-बीच में पीएम-सीएम के जयघोष के साथ भाजपा प्रत्याशियों के भी नारे लगते रहे।
वर्चुअल जन चौपाल में जिले की दो विधानसभा में 11 स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनचौपाल में भाजपा की बात कही। वर्चुअल जन चौपाल में दादरी विधानसभा में सात स्थानों और जेवर विधानसभा में चार स्थानों पर जनचौपाल का आयोजन हुआ। दादरी विधानसभा में ग्रेटर नोएडा अल्फा-1, सूरजपुर, जारचा के ग्राम बिसाहड़ा, आनंदपुर, परशुराम धरमशाला, बादलपुर और बिसरख क्षेत्र में वर्चुअल जनचौपाल हुई। वहीं, जेवर विधानसभा अंतर्गत कासना, जेवर, दनकौर, रबूपुरा क्षेत्र में वर्चुअल जन चौपाल में लोगों ने पीएम, सीएम को सुना। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने सोमवार को सिरसा स्थित ऑक्सफोर्ड ग्रीन स्कूल में भाजपा की वर्चुअल जनचौपाल में भाग लिया। इस दौरान उनके साथ सांसद मोहित बेनीवाल, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद सतपाल सैनी मौजूद रहे। वहीं बिसरख मंडल जन चौपाल रूप सिंह के फॉर्म में हुई। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद गौतमबुद्धनगर डॉ. महेश शर्मा , विधायक तेजपाल नागर आदि मौजूद रहे। वहीं दादरी विधानसभा के अल्फा-1, बिसाहड़ा और जेवर विधानसभा के जेवर स्थित प्रज्ञान पब्लिक स्कूल सहित अधिकतर जनचौपाल में पीएम को सुनने के लिए लोगों में उत्सुकता दिखी। उधर जेवर में जनचौपाल के दौरान प्रधानमंत्री ने जब विकास के लिए एयरपोर्ट समेत जिले की परियोजनाओं का नाम लिया तो लोग उत्साह से जयघोष करने लगे। वहीं, दादरी के ब्रहम्पुरी स्थित कालका मंदिर धर्मशाला में वर्चुअल जनसंवाद में लोगों ने उत्साह सेहिस्सा लिया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, जगभूषण गर्ग, सोमेश गुप्ता, ईश्वर वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं, रबूपुर में भी जन चौपाल का आयोजन किया गया। ब्यूरो

जेवर के प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में प्रधानमंत्री की वर्चुअल जनचौपाल सुनते ग्रामीण। संवाद- फोटो : Grnoida