फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला सत्य नगर में सोमवार शाम किराए के मकान में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
दीपक राजपूत (24) मूल रूप से राजस्थान के जिला दौसा, बांधीकुई का निवासी था और वर्तमान में सत्य नगर, थाना उत्तर में किराए के मकान में रह रहा था। दीपक पंजाब में बेलदारी का काम करता था। पुलिस के अनुसार, दीपक दो दिन पहले अपने पिता रवि राजपूत से मिलने फिरोजाबाद आया था। रविवार को जब घर पर कोई नहीं था, तभी दीपक ने किराए के मकान में रविवार रात कमरे की अंदर से कुंदी लगाई और गमछा से फंदा बनाकर खुद को लटका लिया। सोमवार शाम को मोहल्ले के बच्चों ने खेलते समय कमरे के जंगले से देखा तो मृतक पंखे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इंस्पेक्टर संजुल पांडेय के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है।