{"_id":"6af4995a375b8f9c17064e67","slug":"sometimes-protests-at-other-times-memoranda-to-the-pmo-grnoida-news-c-23-1-lko1064-111713-2026-11-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida News: कभी प्रदर्शन तो कभी पीएमओ को ज्ञापन, आखिरकार रंग लाई ग्रेनो वेस्ट के लोगों की मेहनत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida News: कभी प्रदर्शन तो कभी पीएमओ को ज्ञापन, आखिरकार रंग लाई ग्रेनो वेस्ट के लोगों की मेहनत
विज्ञापन
विज्ञापन
दस साल से अधिक समय से मेट्रो के लिए संघर्ष कर रहे थे निवासी
हस्ताक्षर अभियान से लेकर सांकेतिक प्रदर्शन तक चलाया आंदोलन, अमर उजाला का जताया आभार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों का मेट्रो का इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय कैबिनेट से मेट्रो परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है। इस मंजूरी को निवासी दस साल से अधिक समय से चल रहे अपने संघर्ष की जीत मान रहे हैं। इस दौरान कभी सड़कों पर प्रदर्शन किया तो कभी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को ज्ञापन भेजकर अपनी मांग उठाई।
गौड़ सिटी, सुपरटेक इकोविलेज, ऐस सिटी, ऐस एस्पायर, अजनारा होम्स और पंचशील ग्रीन्स समेत कई सोसाइटियों में रहने वाले परिवार लंबे समय से बेहतर सार्वजनिक परिवहन की मांग कर रहे थे। नौकरीपेशा लोगों को दिल्ली और नोएडा आने-जाने में जाम से जूझना पड़ता है। मेट्रो शुरू होने से उन्हें राहत मिलने के साथ बच्चों और बुजुर्गों को भी आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा।
विज्ञापन
मेट्रो की मांग को लेकर नेफोवा, नेफोमा समेत कई संगठन एक दशक से अधिक समय से आंदोलन कर रहे थे। इसी साल नेफोवा ने सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के अंतिम पिलर के पास रस्सी खींचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया था। इसके अलावा हजारों निवासियों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन पीएमओ भेजकर परियोजना को मंजूरी देने की मांग की गई थी।
विज्ञापन
नेफोवा फाउंडेशन के उपाध्यक्ष दीपांकर कुमार ने कहा कि यह मंजूरी उन सभी लोगों के संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने वर्षों तक मेट्रो की मांग को उठाया। अमर उजाला ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर निवासियों की आवाज को मंच दिया और उनके संघर्ष में सहयोग किया। अब जरूरी है कि परियोजना की शेष औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने कहा कि समिति ने हमेशा तथ्यों, जनहित और लोकतांत्रिक संवाद के माध्यम से समाधान की मांग की है। अब निवासियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई और धरातल पर काम शुरू होने का इंतजार है।