पंकज मिश्रा ने पकड़ा: चर्बी के पैकेट में कुट्टू का आटा बेच रहा था सतीश, दुकान पर मिली एक-एक किलो के कई थैली
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्ष्य गोयल ने बताया कि दुकानदार दिल्ली से पैकिंग के पैकेट लेकर आया था। उनमें कुट्टू का आटा भरकर एक-एक किग्रा के पैकेट तैयार किए थे। सभी पैकेट को वह बेच चुका था।
विस्तार
तुगलपुर गांव में एक दुकानदार चर्बी के पैकेट में कुट्टू के आटा की पैकिंग कर बेच रहा था। बृहस्पतिवार को शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दुकानदार का चालन कर एडीएम की कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही कुट्टू का आटा, मखाना और एक पान मसाला जर्दा का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिला जेल के जेलर के गनर पंकज मिश्रा ने तुगलपुर स्थित बालाजी प्रोविजन स्टोर से कुट्टू का आटा खरीदा था। दुकान सतीश कुमार की है। गनर ने घर जाकर आटे की पैकिंग देखी तो उस पर एक पशु की चर्बी का नाम लिखा हुआ था। यह देखकर पंकज मिश्रा ने इसकी शिकायत खाद्य विभाग से की। जिसके बाद विभाग की टीम शिकायतकर्ता के साथ मौके पर पहुंची।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्ष्य गोयल ने बताया कि दुकानदार दिल्ली से पैकिंग के पैकेट लेकर आया था। उनमें कुट्टू का आटा भरकर एक-एक किग्रा के पैकेट तैयार किए थे। सभी पैकेट को वह बेच चुका था। गलत पैकिंग करने के आरोप पर दुकानदार का चालान किया गया है। साथ ही एडीएम प्रशासन की कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है। साथ ही कुट्टू आटा, मखाना और पान मसाला का नमूना लिया गया है।
मखाना के पैकेट पर पैकिंग तिथि, पैकिंग की जगह आदि की जानकारी नहीं लिखी थी। जबकि पान मसाला का जर्दा संदिग्ध लग रहा था। उन्होंने बताया कि आशंका थी कि इस पैकिंग में काफी जगह कुट्टू का आटा सप्लाई किया गया होगा, लेकिन जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला। केवल इसी दुकान पर यह पैकिंग की गई थी और उसी ने इसे बेचा था।