ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित महागुन मंत्रा-2 सोसाइटी के निवासियों की रजिस्ट्री जल्द शुरु होने से उम्मीद बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि साढ़े तीन वर्षों से अधिक समय तक अपनी रजिस्ट्री के लिए लगातार संघर्ष किया। कई बार बिल्डर, प्राधिकरण और जिला प्रशासन के चक्कर लगाए, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। मजबूर होकर महागुन मंत्रा-2 में रहने वाले लोगों ने नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दुबे के नेतृत्व में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। न्यायालय ने 90 दिनों के भीतर उनकी मांगों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
दीपक दुबे का कहना है कि सभी निवासी एक परिवार की तरह हैं और नेफोमा ऐसे पीड़ित खरीदारों के साथ हर संभव तरीके से खड़ा रहेगा। नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि इस तरह की समस्या से ग्रेनो वेस्ट की कई सोसाइटियों के निवासी परेशानी हैं। बिल्डर एवं प्राधिकरण के बीच खींचतान के कारण रजिस्ट्री प्रक्रिया बाधित हो रही है। न्यायालय से निर्देश प्राप्त होने के बाद सोसाइटी निवासियों में काफी उल्लास देखने को मिला और लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर संतोष सिंह, राहुल, प्रवीण, संतोष आनंद, साकेत, अंकित, संतोष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। ब्यूरो