फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   Relief from the last rain of Saavan

Noida News: सावन की आखिरी बारिश से सांसत

Sat, 09 Aug 2025 09:21 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Sat, 09 Aug 2025 09:21 PM IST
विज्ञापन
Relief from the last rain of Saavan
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। सावन के आखिरी दिन शनिवार को बादल जमकर बरसे। करीब 35 एमएम बरसात से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया जिसमें फंसे वाहन बंद हो गए। उन्हें धक्का देकर निकाला पड़ा। यात्रियों को घुटने भर से ज्यादा पानी से गुजरना पड़ा। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। रक्षा बंधन पर भाइयों के घर जा रहीं बहनों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। तीन जगहों पर दीवार गिर गए। कई पेड़ भी धराशायी हो गए।
विज्ञापन

सुबह करीब पांच घंटे लगातार तेज बारिश हुई। दोपहर बाद से रात तक रुक-रुक कर बरसात होती रही। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना सिटी, दादरी, दनकौर, बिलासपुर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खोड़ा और नोएडा के बीच की सड़क डूब गई। सेक्टर-62 लेबर चौक के सामने घुटनों से ज्यादा पानी भर गया। सेक्टर-1 में बारिश ने तकरीबन सभी रास्ते जाम हो गए। टकसाल रोड से डीएससी रोड को जाेड़ने वाली सड़क पर पानी भर गया। गेल दफ्तर के दोनों तरफ की सड़कें, सेक्टर-73 सर्फाबाद गांव को जोड़ने वाली सड़क, महामाया फ्लाईओवर के नीचे, सेक्टर-95 और 44 की तरफ बने लूप, चिल्ला बॉर्डर, फिल्म सिटी और सेक्टर-18 के सामने सड़क पर जलभराव हुआ। सभी अंडरपास तालाब बन गए। सेक्टर-105 में गाड़ी के ऊपर ही पेड़ गिर गया। सेक्टर-53, 57, 21ए समेत शहर में कई जगह पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
विज्ञापन


सोसाइटियों, सेक्टरों और सड़कों पर भरा पानी
शहर में बने बड़े या मुख्य किसी अंडरपास में जलभराव नहीं हुआ। नोएडा ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर बने छोटे अंडरपास में पानी भरा। सेक्टर-98 के सामने हाजीपुर अंडरपास से पहले बने अंडरपास में पानी भरा।ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में शनिवार सुबह बारिश के कारण जलभराव हो गया। सर्विस रोड से मुख्य सड़क तक पानी भर गया। बेसमेंट स्विमिंग पूल में तब्दील हो गए। लोग अपने वाहनों तक नहीं पहुंच पाए। हल्दौनी से लेकर एम्स ग्रीन एवेन्यू, निराला एस्टेट, निराला ग्रींन,अजनारा होम्स, श्री राधा स्काई गार्डन, इराेज संपूर्णम, एलिगेंट विले, ला रेजिडेंसिया सोसायटी, आम्रपाली की परियोजनाओं समेत समेत सोसाइटियों में जलभराव हो गया। राइस मॉल, अरिहंत आर्डन सोसाइटी, हवेलिया वैसेंसिया, ईकोविलेज-1 की सर्विस रोड पर भी जलभराव हो गया। पुलिस लाइन से कलक्ट्रेट, ईकोटेक औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरियों, सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय, फायर स्टेशन, पुलिस लाइन आदि सरकारी दफ्तर परिसर भी जलमग्न हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रेनो के तिलपता में दादरी-नोएडा मार्ग पर दो किमी तक जलभराव होने से यातायात बाधित रहा। अल्फा-1, बीटा-1, डेल्टा, स्वर्णनगरी, गामा, ईटा, सिग्मा, ऑमीक्रॉन, ओमेगा, जज आदि जगहों पर पानी घर गया। सेक्टरों में एक फुट तक जलभराव हो गया। दादरी-नोएडा मार्ग पर तिलपता गांव में दो किमी तक जलभराव हो गया। दो-दो फुट पानी भरने से यातायात बाधित रहा। दादरी की पिंक सिटी रोड, एस्कॉर्ट कॉलोनी, जीटी रोड, बादशाह नगर, नई आबादी, रेलवे रोड, तुलसी विहार आदि कॉलोनी में भी दिक्कत हुई। बिलासपुर में प्रेमवती कुंजीलाल विद्यालय पेट्रोल पंप के सामने, नहर चौराहा, पतला खेड़ा स्थित पेट्रोल पंप के सामने, खेरली हाफिजपुर में गढी मार्ग पर, पतलाखेड़ा, गिरधरपुर, पंचायतन, लडपुरा मार्ग पर जलभराव ने लोगों को परेशान किया।
---------------------------
जलभराव में फंस गई एंबुलेंस
परी चौक, अल्फा गोल चक्कर, पी-3 गोल चक्कर, सूरजपुर, गौड़ चौक, तिलपता चौक, हनुमान मंदिर और बिसरख चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर सुबह से शाम तक जाम लगा रहा। गलगोटिया अंडरपास में कई फीट तक पानी भर गया। एंबुलेंस और बस फंस गईं। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर एंबुलेंस को किनारे कराया जबकि क्रेन की मदद से खराब बस को हटाया गया। दादरी के रेलवे रोड, तिलपता, 130 मीटर, मकौड़ा, बोड़ाकी, समेत कई स्थानों पर जलभराव से आवागमन बंद हो गया। उधर, महामाया फ्लाईओवर से चिल्ला बॉर्डर जाने वाली सड़क पर वाहन रेंगते रहे। सेक्टर-59 से 62 की तरफ जाने वाली सड़क, पर्थला गोलचक्कर, सेक्टर-15 से 18 मेट्रो स्टेशन को जाने वाली रोड, नोएडा एलिवेटेड रोड से सेक्टर-61 की तरफ की लेन, सेक्टर-12-22 से सेक्टर-56 टी प्वॉइंट, सेक्टर-60, सेक्टर-12-22-56 तिराहा, झुंडपुरा चौकी चौराहा, उद्योग मार्ग, सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के सामने, सेक्टर-62 मॉडल टाउन अंडरपास जाने वाली सड़क समेत अन्य जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। ग्रेनो में 130 मीटर रोड पर पैरामाउंट सोसाइटी के नजदीक अंडरपास में तीन फुट तक पानी भर गया। इससे यातायात को रोक दिया गया। गुलिस्तानपुर, मकौडा, साकीपुर, पल्ला के अंडरपास भी जलमग्न हो गए। वाहनों को सूरजपुर से निकला गया। इससे जाम लग गया। दो किलोमीटर की दूरी तय करने में एक से डेढ़ घंटे तक लग गए।
चालकों ने बढ़ाया किराया

इस दौरान ऑटो, ई-रिक्शा और कैब चालकों ने मनमाना किराया वसूला। गलगोटिया अंडरपास, मिग्सन और साकीपुर अंडरपास में जलभराव के कारण वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
जलभराव और जाम में फंसे लोगों ने सोशल मीडिया पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की खूब आलोचना की। सेक्टर-71 स्थित घर में पानी घुस गया। शिव शक्ति अपार्टमेंट में स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह लापरवाही सिविल और स्वास्थ्य विभाग की है। नालियों की सफाई नहीं कराई गई। इस वजह से सीवर का पानी घरों तक पहुंच गया। दादरी के विश्नूली बिजली घर में जलभराव होने से बादलपुर, अच्छेजा, जान समाना एवं आसपास की कॉलोनियों के निवासियों को परेशानी झेलनी पड़ी।

---------------------------
निर्माणाधीन प्रोजेक्ट व मंदिर की दीवार गिरी
ग्रेटर नोएडा। शाहदरा गांव में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की बेसमेंट की दीवार और नरमेश्वर मंदिर की दीवार गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि लगातार बारिश के कारण निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के बेसमेंट की दीवार कमजोर हो गई थी। नरमेश्वर मंदिर की दीवार भी ध्वस्त हो गई। तुरंत प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी को मामले से अवगत कराया। इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। वहीं, गढ़ी शहदरा गांव में महादेव मंदिर से लगी दीवार गिर गई। इससे सटे रास्ते के पास एक बिल्डर परियोजना का काम चल रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिल्डर बिना किसी सपोर्ट के 30 फिट गहरे बेसमेंट का निर्माण करा रहा है।
---------------------------
अंडरपास के जलभराव में फंसा रक्षा धागा
राजन राय
ग्रेटर नोएडा। रक्षा बंधन पर शनिवार को हुई तेज बारिश ने ग्रेटर नोएडा के तीन प्रमुख अंडरपास मिग्सन अंडरपास, साकीपुर अंडरपास और गलगोटिया अंडरपास को तालाब में बदल दिया। दोपहर से शाम तक जारी बारिश के कारण इन अंडरपास में करीब चार फीट तक पानी भर गया। जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साइलेंसर तक पानी पहुंच गया। लिहाजा कई वाहन बीच पानी में ही खराब हो गए, जिन्हें धक्का देकर बाहर निकालना पड़ा। पानी के बीच से गुजरने की कोशिश कर रहे लोगों के कपड़े और जूते भी भीग गए। अंडर पास में पानी के बीच संतुलन खोने से कई लोग गिरते-गिरते बचे, वहीं कुछ लोग गिरकर चोटिल भी हो गए। अंडरपास में सुबह सात बजे से लेकर शाम पांच बजे तक जलभराव रहा।



क्या कहते हैं लोग



बहन से रक्षा बंधन पर दोपहर 12 बजे तक उसके नोएडा स्थित घर पहुंचने का वादा किया। जाम और जलभराव के कारण नहीं जा पाया। -विकास, जुनपत गांव



बरसात से पहले नालों की सफाई और अंडरपास में जलनिकासी की सही व्यवस्था नहीं की गई। इससे जलभराव हुआ है। -सुधीर तिवारी, तिलपता गांव



बरसात के मौसम में अंडरपास में जलभराव रोकने के लिए पंपिंग मशीन और निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए ताकि दोबारा ऐसी दिक्कत न हो। -अरुण कुमार, बीटा-1



त्योहार पर पत्नी और बच्चों को बाइक से ससुराल लेकर जा रहा था। अंडरपास में जलभराव के कारण गिर गया। इससे पूरे कपड़े खराब हो गए। -अनुज कुमार
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed