नूंह। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने 11वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सोमवार को जिला सचिवालय के सभागार में तीन नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए। साथ ही कुछ बीएलओ को भी प्रशंसा पत्र देकर हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जिले में काफी अधिक युवा वोटरों की संख्या बढ़ी है। इसके लिए चुनाव कार्यालय बधाई का पात्र है। भारत विश्व का सबसे बड़ा प्रजातांत्रिक देश है। लोकतंत्र की प्रणाली को मजबूत करने के लिए हमें अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए। मत का प्रयोग भी धर्म, जाति और समुदाय से ऊपर उठकर सोच-समझकर करना चाहिए। इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मतदान करने की शपथ ली।
इससे पहले चंडीगढ़ से आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर संदेश दिया और मुख्य अतिथि मुख्य सचिव हरियाणा विजय वर्धन ने मतदाताओं को मत के महत्व के बारे में बताया। इस दौरान ई-ऐपिक प्रक्रिया को भी लांच किया गया। इसके माध्यम से लोग ऑनलाइन मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि वोट के माध्यम से हम सभी एक अच्छी सरकार का चयन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान को राष्ट्र के प्रति कर्तव्य समझते हुए वोट अवश्य बनवाएं। युवा मतदाताओं की भागीदारी बढ़ने से पिछले एक दशक में चुनाव प्रणाली में बडे़ सुधार और बदलाव देखने को मिले हैं। वोट बनने के बाद ही हर व्यक्ति एक जिम्मेदार नागरिक बनता है। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल, एसडीएम पुन्हाना कुलवीर ढाका, नगराधीश जयप्रकाश, नायब तहसीलदार चुनाव हसन मोहम्मद, सहित जिले के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।