नोएडा। अमर उजाला में सोमवार को सड़क पर रह रहे महोबा निवासी बुजुर्ग हरदयाल की खबर प्रकाशित होने के बाद नोएडा जोन के एसीपी रजनीश वर्मा ने क्षेत्र न होते हुए भी अपने थानाक्षेत्र की पुलिस भेजी और बुजुर्ग को वृद्धाश्रम में भेजने के निर्देश दिए। इनकार करने पर उन्होंने मोबाइल पर बुजुर्ग से बात की। बुजुर्ग का मामला सोशल मीडिया में भी वायरल हुआ।
ग्राम-गुड़हा, थाना-चरखारी, महोबा निवासी हरदयाल ने एसीपी को बताया कि करीब 9 साल पहले महोबा में दबंगों ने उनकी जमीन और घर पर कब्जा कर लिया था। गांव में वह मां के साथ रहते थे। जब मां को पता चला कि दबंग उसकी हत्या करने की साजिश रच रहे हैं तो मां ने उन्हें गांव छोड़ने के लिए कहा। इससे हरदयाल इतने दबाव में आ गए कि कोई काम तक नहीं कर पाए और हमेशा मां और घर के बारे में सोचते रहे। इसके बाद वह सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल के सामने सड़क पर पॉलिथीन का तंबू बनाकर रहने लगे। एलिवेटेड रोड बनना शुरू हुआ तो अस्पताल के बाहर अपना तंबू लगा लिया। यहां विभिन्न सामाजिक संगठनों और आसपास रहने वाले लोगों ने खाने की व्यवस्था कर दी। 9 वर्षों से यहीं अपना जीवन गुजार रहे हैं। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि महोबा के एसपी आरके गौतम से बात करके बुजुर्ग के घर पुलिस भेजी गई। यदि उनकी बात सही निकली तो उसका घर और जमीन वापस दिलवाई जाएगी। हर हालत में न्याय दिलाकर उनको गांव भेजा जाएगा। वहीं, मामले की महोबा पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।