Greater Noida: उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में लापरवाही, दो थानेदार समेत 15 पुलिसकर्मी रहे गैरहाजिर
शनिवार को डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में निरीक्षण व चेकिंग की गई। इस दौरान नदारद मिलने पर दो थानेदार, एक निरीक्षक, एक महिला दरोगा समेत 15 पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ व भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा में लापरवाही बरते जाने की बात सामने आई है। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित सातवें इंडियन वाटर वीक के समापन के मौके पर शनिवार को तैनात किए गए बादलपुर व सेक्टर-63 थाना प्रभारी, आईटी सेल के निरीक्षक, महिला दरोगा समेत 15 पुलिसकर्मी गैरहाजिर रहे।
निरीक्षण के दौरान नदारद मिले सभी पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई है। वहीं, डीसीपी ग्रेनो जोन अभिषेक वर्मा का कहना है कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर पहुंचने में देरी हो गई थी। बाद में वह ड्यूटी पर पहुंच गए थे।
ग्रेटर नोएडा में 22 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और 16 व 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। आलाधिकारी सुरक्षा चाक चौबंद करने में जुटे हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिन का दौरा किया था। मुख्यमंत्री के जाने के बाद बीटा-2 थाना क्षेत्र में कार सवारों ने बेखौफ होकर 20 घंटे के भीतर लुहारली टोल के सुपरवाइजर और भाजपा नेता व कार्यकर्ता पर हमले की वारदात को अंजाम दिया था।
अब एक्सपो मार्ट में इंडियन वाटर वीक के समापन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल की सुरक्षा में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शनिवार को डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में निरीक्षण व चेकिंग की गई। इस दौरान नदारद मिलने पर दो थानेदार, एक निरीक्षक, एक महिला दरोगा समेत 15 पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई।
बादलपुर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार, सेक्टर-63 थाना प्रभारी अमित कुमार मान, डीसीपी के निरीक्षण में आईटी सेल निरीक्षक राजीव मलिक, उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह ईकोटेक-3, पिंकी सूरजपुर, हेड कांस्टेबल धर्म सिंह फेज-3, अमरीश फेज-3, सतेंद्र सेक्टर-63, मनोज, विजय कुमार, राम सिंह, कांस्टेबल, पूनम सूरजपुर, कविता देवी सूरजपुर, कुंती सेक्टर-63, कस्तूरी सेक्टर-63 थाना गैर हाजिर रहे।