{"_id":"66f6195d96e9f705b70f554a","slug":"lrt-will-run-till-the-airport-on-the-track-of-metro-and-namo-bharat-2024-09-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेनो: मेट्रो और नमो भारत के ट्रैक पर एयरपोर्ट तक दौड़ेगी एलआरटी, फिल्म सिटी से हर आठ मिनट में जाएगी ये ट्रेन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेनो: मेट्रो और नमो भारत के ट्रैक पर एयरपोर्ट तक दौड़ेगी एलआरटी, फिल्म सिटी से हर आठ मिनट में जाएगी ये ट्रेन
Fri, 27 Sep 2024 08:03 AM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा
Published by: विजय पुंडीर
Updated Fri, 27 Sep 2024 08:03 AM IST
सार
करीब 14 किमी लंबे इस रूट पर एलआरटी संचालन के लिए प्रदेश सरकार ने सहमति दे दी है। साथ ही इसका प्रस्ताव भारत सरकार के शहरी आवासन मंत्रालय को भेज दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दो-तीन महीने में यह परियोजना पर कार्य शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की राह सुगम बनाने के लिए नमो भारत और मेट्रो लाइन के ट्रैक पर अब लाइट ट्रांजिट रेल (एलआरटी) भी दौड़ लगाएगी। फिल्म सिटी से एयरपोर्ट तक पॉड टैक्सी संचालन की योजना की जगह एलआरटी लेगी। करीब 14 किमी लंबे इस रूट पर एलआरटी संचालन के लिए प्रदेश सरकार ने सहमति दे दी है। साथ ही इसका प्रस्ताव भारत सरकार के शहरी आवासन मंत्रालय को भेज दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दो-तीन महीने में यह परियोजना पर कार्य शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में चेयरमैन अनिल सागर के समक्ष एयरपोर्ट से गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा को कनेक्ट करने वाली परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें बताया गया कि दो चरणों में प्रस्तावित गाजियाबाद से एयरपोर्ट के बीच ट्रैक का निर्माण अब एक साथ किया जाएगा। पूर्व योजना के अनुसार पहले चरण में गाजियाबाद के सिद्धार्थनगर से इकोटेक-6 तक 39.39 किमी लंबे और दूसरे चरण में इकोटेक-6 से एयरपोर्ट तक 32.90 किमी का ट्रैक बनना था। पूरी तरह से एलिवेटेड ट्रैक पर नमो भारत 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफर तय करेगी। जबकि मेट्रो 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ लगाएगी। परियोजना को पूरा करने के लिए भारत सरकार और यूपी सरकार 20-20 फीसदी का अंशदान करेंगे। इसके निर्माण में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) लागत का 60 फीसदी खर्च करेगा। एनसीआरटीसी की असमर्थता पर इस धनराशि की व्यवस्था गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, ग्रेनो, यमुना प्राधिकरण और नोएडा इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (नायल) करेगा।
विज्ञापन
हर आठ मिनट पर फिल्म सिटी से एयरपोर्ट जाएगी लाइट ट्रांजिट रेल
एक ही ट्रैक पर नमो भारत, मेट्रो और एलआरटी संचालन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए 14.6 किमी का अलग से ट्रैक तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह नमोभारत और मेट्रो के साथ एक ही ट्रैक पर चलेगी। लाइट ट्रांजिट रेल 21 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौडेगी। मेट्रो के लिए हर 3.5 मिनट, रैपिड के 7 मिनट और एलआरटी के लिए 8 मिनट के बीच सर्विस रहेगी। सर्वे के अनुसार 2031 तक इस रूट पर 3.09 लाख यात्री सफर करेंगे, जबकि 2054-55 तक यात्रियों की संख्या 7 लाख से अधिक तक पहुंचने का अनुमान है। परियोजना में 20 हजार करोड़ से अधिक का खर्च आएगा।
विज्ञापन
फिल्म सिटी से एयरपोर्ट तक पॉड टैक्सी की जगह एलआरटी का संचालन किया जाएगा। इस परियोजना के लिए प्रदेश सरकार ने सहमति दे दी है और प्रस्ताव को भारत सरकार के शहरी आवासन मंत्रालय को भेज दिया है। - डाॅ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण